श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- मैहर। लगातार बारिश के बीच मैहर जिले से सामने आया महज 11 सेकंड का एक वीडियो हर किसी को झकझोर रहा है। स्कूल की छुट्टी के बाद घर लौट रहा पहली कक्षा का एक मासूम तेज बहाव वाले पानी में बह गया। कुछ पल के लिए ऐसा लगा मानो उसकी जिंदगी हाथ से निकल जाएगी, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता और साहस ने उसे नया जीवन दे दिया।
घटना भदनपुर माध्यमिक शाला के पास की बताई जा रही है। पहली कक्षा का छात्र अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ घर लौट रहा था। लगातार बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था और बहाव काफी तेज था। सड़क पार करने के दौरान बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी के साथ बहते हुए पुलिया के ढोले की ओर जाने लगा। यह दृश्य देखकर आसपास मौजूद लोगों की सांसें थम गईं।
कुछ सेकंड की देरी से जा सकती थी जान
मौके पर मौजूद ग्रामीण बिना अपनी जान की परवाह किए तुरंत पानी में उतरे और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। उनकी त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। यदि कुछ सेकंड की भी देरी होती, तो परिणाम बेहद दुखद हो सकते थे।
ग्रामीण ने दौड़कर बचाई जान
घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कैसे मासूम तेज बहाव में बह जाता है और ग्रामीण दौड़कर उसकी जान बचा लेते हैं।
बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
इस घटना ने स्कूलों के आसपास जलभराव और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जाने चाहिए, जिससे स्कूली बच्चों की जान जोखिम में न पड़े।
जल्द ही करेंगे आवश्यक कार्रवाई
घटना की जानकारी नहीं थी। उन्होंने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही है।












