श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- धनपुरीः श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के उद्देश्य से स्थापित एसईसीएल सोहागपुर क्षेत्र का केंद्रीय चिकित्सालय कभी बेहतर चिकित्सा और उपचार के लिए जाना जाता था। मरीजों को यहां एक ही छत के नीचे विशेषज्ञों का परामर्श, जांच और उपचार मिलने की उम्मीद रहती थी, लेकिन विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी और सीमित सुविधाओं के चलते यह भरोसा कमजोर पड़ता दिख रहा है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद मरीजों को बुनियादी सेवाओं के लिए बाहर जाना पड़ रहा है।
आर्थिक बोझ झेल रहे मरीजः
अस्पताल में नाक, कान एवं गला रोग विशेषज्ञ (ईएनटी) का पद कई महीनों से रिक्त है। सर्जन की पदस्थापना भी अब तक नहीं हुई है। इन विशेषज्ञों की कमी से मरीजों को समुचित परामर्श और उपचार मिलने में दिक्कत होती है। लंबे समय से खाली पदों को भरने के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है।
चिकित्सालय की पैथोलाजी लैब में पर्याप्त जांच सुविधाएं नहीं होने से मरीजों को कई जरूरी जांच निजी केंद्रों में करानी पड़ती हैं। इससे खासकर श्रमिक और सीमित आय वाले परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। चिकित्सालय में उपलब्ध लैब की सुविधाओं का विस्तार जरूरी है।
यह है मरीजों के लिए परेशानीः
यहां का फिजियोथैरेपी केंद्र दूसरी मंजिल पर है। बुजुर्गों, दिव्यांगों और चलने फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए वहां पहुंचना कठिन हो सकता है। मरीजों की जरूरतों के अनुरूप सुगम पहुंच और पर्याप्त संसाधनों की व्यवस्था की जानी चाहिए। मरीजों को बेहतर उपचार के लिए दूसरे अस्पतालों में रेफर किए जाने की बात भी चिंता का विषय है। गंभीर और जटिल मामलों में रेफरल जरूरी हो सकता है, लेकिन सामान्य उपचार और विशेषज्ञ परामर्श के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़े तो उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा आवश्यक है। केंद्रीय चिकित्सालय का उद्देश्य क्षेत्र के श्रमिकों और उनके आश्रितों को स्थानीय स्तर पर उपचार देना है।
लोगों ने कहा- उठाए जाएं ठोस कदमः
एसईसीएल प्रबंधन द्वारा चिकित्सालय पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने की बात सामने आती रही है। इस निवेश का लाभ मरीजों तक पहुंचना चाहिए। रिक्त पदों पर नियुक्ति, जांच सुविधाओं का विस्तार, फिजियोथैरेपी केंद्र तक आसान पहुंच और अनावश्यक रेफरल पर नियंत्रण के लिए समयबद्ध कार्रवाई जरूरी है। चिकित्सालय की पहचान भवन या बजट से नहीं, बल्कि मरीजों को मिलने वाले उपचार से होती है। उसकी पुरानी प्रतिष्ठा लौटाने के लिए प्रबंधन और प्रशासन को ठोस कदम उठाने होंगे।












