श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- महू। किशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कवटी में एक महिला के साथ दुष्कर्म और उसके पति के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने 28 अक्टूबर की रात महिला की टापरी में घुसकर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने और घटना किसी को बताने पर जान से मारने तथा पति को काम से निकलवाने की धमकी दी। इसके बाद आरोपित ने महिला के पति पर भी चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना बताई और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मुंह दबाकर दी जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय पीड़िता ने शिकायत में बताया कि 28 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपित अरबाज पटेल निवासी ग्राम कवटी अचानक उसकी टापरी में घुस आया। उसने महिला का मुंह दबाकर शोर मचाने पर जान से खत्म करने की धमकी दी। साथ ही कहा कि किसी को घटना बताई तो उसके पति को काम से निकलवा देगा। इसके बाद आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने डर और बदनामी के कारण उस समय किसी को घटना की जानकारी नहीं दी।
पति पर किया चाकू से वार, आरोपित फरार
पीड़िता के अनुसार एक नवंबर को आरोपित ने उसके पति के साथ मारपीट की और चाकू से वार कर घायल कर दिया। इस घटना के बाद वह और अधिक डर गई। इसके बाद 11 नवंबर को आरोपित ने फिर उसके पति के साथ मारपीट की और उसे भी धमकाया।
इस संबंध में किशनगंज थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। लगातार धमकियों और पति पर हमले से परेशान होकर पीड़िता ने आखिरकार स्वजन को दुष्कर्म की घटना बताई। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने आरोपित अरबाज पटेल के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।











