श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले के वन क्षेत्रों में वन्यप्राणियों के शिकार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। केशवाही वन परिक्षेत्र के ग्राम झिरिया के राजस्व क्षेत्र में जंगली सूअर के शिकार का मामला सामने आया है। यहां तीन लोगों द्वारा जंगली सूअर का शिकार किए जाने का मामला वन विभाग की गश्ती टीम ने उजागर किया है।
वन अमले और ग्रामीणों ने मौके से एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। आरोपियों ने शिकार के बाद जंगली सूअर के शव को झाड़ियों में छिपा दिया था। मौके से शिकार में इस्तेमाल किया गया लोहे का भाला भी बरामद किया गया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 1 नवंबर को शाम करीब चार बजे वन अमला ग्राम झिरिया के राजस्व क्षेत्र में गश्त कर रहा था। इसी दौरान टीम और ग्रामीणों की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। युवक की दोनों हथेलियों पर खून लगा था और शरीर पर खरोंच के निशान भी दिखाई दे रहे थे। संदेह होने पर वनकर्मियों ने उससे पूछताछ की। युवक ने अपनी पहचान प्रेम बैगा (20), पिता परषोत्तम बैगा निवासी बैगान टोला झिरिया के रूप में बताई।
पूछताछ में प्रेम बैगा ने अपने दो अन्य साथियों के नाम पारस बैगा और दीपू बैगा बताए। वन अमले ने दोनों के घर पहुंचकर तलाश की लेकिन वे फरार मिले। इसके बाद 2 नवंबर की सुबह सात बजे डॉग स्क्वायड की मदद से सर्चिंग कराई गई। शिकार में इस्तेमाल औजार की गंध के आधार पर डॉग स्क्वायड पारस और दीपू के घर तक पहुंचा। वन विभाग के अनुसार दोनों की तलाश जारी है। मामले में प्रकरण दर्ज कर वन्यप्राणी शिकार से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।












