श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः जिले में जंगली जानवरों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत है। केशवाही क्षेत्र में भालू के घूमने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इसी साल क्षेत्र में भालू के हमले में दो लोगों की मौत हो चुकी है। भालू की दोबारा मौजूदगी से ग्रामीण चिंतित हैं।
रेंजर अंकुर तिवारी ने बताया कि केशवाही के जंगलों में कई भालू हैं। वन विभाग की टीम ग्रामीण क्षेत्रों में मुनादी कर लोगों को जागरूक कर रही है। ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर न जाने और जंगली जानवरों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी जा रही है। हाल ही में देवरी-अमलाई क्षेत्र में भी भालू दिखा था। वन विभाग ने उसकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू कर दी है।
जिले में जंगली जानवरों का खतरा भालू तक सीमित नहीं है। हाल ही में गोहपारू वन परिक्षेत्र में बाघ के हमले में एक चरवाहे की मौत हुई है। दो अलग-अलग वन परिक्षेत्रों में जंगली हाथियों की मौजूदगी से भी ग्रामीण चिंतित हैं।
कुछ दिन पहले बांधवगढ़ के जंगलों से होते हुए हाथियों का एक समूह शहडोल जिले पहुंचा था। यह समूह फिलहाल जयसिंहनगर क्षेत्र में है। हाथियों की आवाजाही से ग्रामीण इलाकों में डर का माहौल है। वन विभाग की टीम जिले के अलग-अलग वन क्षेत्रों में भालू, बाघ और हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी रख रही है।












