सीमा सिंह शहडोल – महाकुंभ में रविवार (आखिरी वीकेंड) को पूरे दिन भारी भीड़ रही। लेकिन, रात होते-होते भीड़ कम होने लगी है। लोगों ने प्रयागराज से निकलना शुरू कर दिया है। इसके चलते सुलेम सराय की रोड (कानपुर रोड) पर यातायात सामान्य है। जाम की कोई स्थिति नहीं है। इसी तरह अन्य इलाकों में जाम कम हो रहा है।
इससे पहले रविवार सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई। इसका ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक वालों ने भी खूब फायदा उठाया। नाव वालों ने भी मनमाना पैसा वसूला। भास्कर रिपोर्टर ने मौज गिरी घाट से संगम तक नाव बुक करने की बात की तो नाविक ने 20 हजार रुपए मांगे। सामान्य दिनों में नाव बुक करने पर एक हजार रुपए लेते हैं।
वहीं, सिविल लाइंस रेलवे स्टेशन के पास बाइकर्स गैंग पूरे दिन मौजूद रहा। इसने यात्रियों को मेला तक पहुंचाने के लिए महज दो किमी के 500 रुपए वसूले। इनके खिलाफ पुलिस ने जीटी जवाहर चौराहे पर अभियान चलाया और 200 से अधिक बाइकें सीज कर दीं। सड़क किनारे खड़े 50 वाहनों को हटवाया। 750 गाड़ियों का चालान किया।
शिवरात्रि पर शहर में 16 किमी लंबी शोभायात्रा निकलती है। कई मंदिरों से भी जुलूस निकाले जाते हैं। पुलिस के अधिकारियों ने कमेटी से बात कर शोभायात्रा न निकालने पर राजी कर लिया है।
दरअसल, महाकुंभ का आज 42वां दिन है। मेला खत्म होने में 3 दिन और बचे हैं। इसीलिए दिनभर इतनी भीड़ रही कि संगम पर पैर रखने की जगह नहीं बची। रात 8 बजे तक 1.32 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं। 13 जनवरी से अब तक 62.06 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
3 तस्वीरें देखिए-



एयरपोर्ट पर भी चाय-कॉफी के लिए लाइन लगी रही। अंदर ज्यादा भीड़ होने से यात्रियों को बाहर पार्किंग की तरफ रोका गया। फ्लाइट आने के 3 घंटे पहले एंट्री दी गई। भीड़ के चलते ज्यादा से ज्यादा स्पेशल ट्रेन चलाने के लिए रेलवे ने 67 ट्रेनें 1 मार्च तक के लिए रद्द कर दीं। कम दूरी की ज्यादा ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
पश्चिम बंगाल के 200 श्रद्धालु पहुंचे महाकुंभ
महाकुंभ में पश्चिम बंगाल से 200 श्रद्धालु पहुंचे। पश्चिम बंगाल से आए श्रद्धालुओं के जय श्री राम के उदघोष से पूरा महाकुंभनगर गूंज उठा। श्रद्धालु हर हर गंगे, बम बम भोले का जयकारा लगाते रहे। अभी महाकुंभ को लेकर टिप्पणी करने वाली मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बयान के उलट पश्चिम बंगाल की जनता में पवित्र त्रिवेणी स्नान को लेकर जबरदस्त उत्साह रहा।
रविवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल से 2000 श्रद्धालुओं का यह विशाल दल 40 बसों में सवार होकर संगम की पावन रेत पर एकत्र हुआ। इसी के साथ यहां श्रद्धालुओं ने प्रमुख संतों के साथ संगम में पवित्र स्नान भी किया। इसके बाद संतों और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से राम नाम का जप भी किया।
DIG वैभव कृष्ण ने कहा- ऐसे 140 सोशल मीडिया हैंडलों के खिलाफ जिन पर भ्रामक सामग्री साझा की गई थीं, 13 FIR दर्ज की गई हैं। आज 1 करोड़ 30 लाख से ज्यादा लोगों ने स्नान किया है। आगामी शिवरात्रि के पर्व को लेकर पूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रयास रहेगा कि कुंभ मेला क्षेत्र में कहीं पर भी कोई ट्रैफिक जाम ना हो। सभी व्यवस्थाएं सुगम तरीके से चलें। कितनी भी भीड़ आए हम लोग पूरी तरह से तैयार हैं।
इस बार महा शिवरात्रि पर नहीं निकलेगी भगवान शिव की शोभा यात्रा
शहरवासियों से ACP कोतवाली मनोज सिंह SO खुलदाबाद शाहगंज की उपस्थिति में मीटिंग की गई। मीटिंग में अपील की गई कि 26 फरवरी को महाशिवरात्रि पर जो 16 किलोमीटर का जुलूस निकलता है। श्रद्धालुओं की भीड़ को लेकर इस वर्ष इसे स्थगित करने की अपील की गई। जिसे कमेटी और शहर के संभ्रांत नागरिकों ने आपस में विचार विमर्श कर इसे स्वीकार कर लिया है।
महाकुंभ को लेकर झूठ बोला गया, यह डबल ब्लंडर वाली सरकार- अखिलेश यादव
इटावा में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा- कुंभ में जितने भी श्रद्धालु आए उनका भरोसा तब बढ़ा जब सीएम योगी ने कहा कि हमने महाकुंभ के लिए 100 करोड़ लोगों के आगमन की तैयारी की है। जब लोगों ने देखा कि बड़े-बड़े, संपन्न और प्रतिष्ठित लोगों को निमंत्रण जा रहा है तो उनका भरोसा बढ़ा। सबसे बड़ा झूठ यह है कि 144 वर्षों के बाद (महाकुंभ) हो रहा है। बजट के भाषण में ये बात लिखी है कि हर बार कुंभ का आयोजन 144 वर्षों बाद ही होता है। यह डबल इंजन सरकार नहीं है। ये डबल ब्लंडर वाली सरकार है।
त्रिवेणी संगम से प्रयागराज जंक्शन तक 1450 CCTV लगाए- प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ DCM
प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ DCM हिमांशु शुक्ला ने कहा- महाशिवरात्रि का स्नान हमारी आखिरी परीक्षा है जिसके लिए हम लोग पूरी मुस्तैदी के साथ तैयार हैं। लोग इस पेम्पलेट के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रहे हैं। यहां से बहुत बड़ी भीड़ अयोध्या और वाराणसी जैसे अन्य तीर्थ स्थलों पर दर्शन के लिए जाती है उनके लिए हमने एक सुगम व्यवस्था की है। हमने त्रिवेणी संगम से लेकर प्रयागराज जंक्शन तक 1450 CCTV कैमरे लगाए हैं। कल 22 फरवरी को करीब 1 करोड़ 60 लाख लोगों ने स्नान किया। हमने कल भी 100 के ऊपर स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। हमने वृहद स्तर पर तैयारियां की हैं। NDRF की भी एक स्पेशल टीम यहां पर मौजूद हैं। हम अच्छे से यह(अंतिम स्नान) संपन्न करवाने में सफल होंगे ऐसा मेरा विश्वास है।
प्रयागराज डीएम ने कहा- हमारी टीम 24 घंटे सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए तैयार
प्रयागराज डीएम रवींद्र कुमार मंदार ने कहा- अभी तक 60 करोड़ से अधिक श्रद्धालु अमृत स्नान कर चुके हैं। हमारी टीम 24 घंटे श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुव्यवस्था के लिए लगी हुई है। हमारा प्रयास है कि महाशिवरात्रि के स्नान पर भी व्यवस्थाएं सकुशल रूप से रहें। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार हमारा नेतृत्व कर रहे हैं।
देखिए महाकुंभ की ड्रोन तस्वीरें…











