श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के केशवाही चौकी क्षेत्र में आधी रात फरसा लेकर एक परिवार के घर पहुंचे दो युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। आरोप है कि दोनों युवक घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन परिवार की महिलाओं ने हिम्मत दिखाते हुए दरवाजे पर ही उनका रास्ता रोक दिया। इससे नाराज युवकों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फरसे से घर की चौखट पर कई वार किए। इतना ही नहीं, घर से लौटने के बाद आरोपियों ने पीड़ित की दुकान के बाहर बने शेड में आग लगा दी। आग से शेड पूरी तरह जलकर राख हो गया। मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मामला ग्राम मझौली का है। फरियादी राकेश पटेल के अनुसार, बीती रात करीब 10:30 बजे अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा कथित तौर पर शराब के नशे में फरसा लेकर उसके घर पहुंचे थे। दोनों ने घर के अंदर घुसने का प्रयास किया, लेकिन परिवार की महिलाओं ने दरवाजे पर खड़े होकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद दोनों युवक आक्रोशित हो गए और घर के सामने हंगामा करने लगे। वायरल वीडियो में दोनों युवकों को फरसे से घर की चौखट पर वार करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने राकेश पटेल को जान से मारने की धमकी भी दी।
घर से लौटकर दुकान के शेड में लगाई आग
परिवार के लोगों ने किसी तरह दोनों युवकों को वहां से हटाया। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक पीड़ित की दुकान पर पहुंचे और बाहर बने शेड में आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान का शेड पूरी तरह जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घर में मौजूद किसी भी सदस्य को चोट नहीं आई और एक बड़ी घटना टल गई।
शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने केशवाही पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर अरुण पटेल और धर्मेंद्र शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। एसडीओपी धनपुरी विकास पांडे ने बताया कि मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।














