श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। सिविक सेंटर स्थित दवा बाजार के सामने मंगलवार शाम एक युवक का अपहरण कर लिया गया। बिना नंबर की एसयूवी से पहुंचे चार आरोपी युवक को जबरन गाड़ी में बैठाकर मंडला की ओर ले गए।
सूचना मिलते ही जबलपुर पुलिस सक्रिय हुई
रास्ते में उसे बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा। घटना की सूचना मिलते ही जबलपुर पुलिस सक्रिय हुई और मंडला पुलिस की मदद से कुछ ही घंटों में चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर युवक को मुक्त करा लिया। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
भाई से मिलने पहुंचा था युवक
विजय नगर के एमआर फोर निवासी सिद्धार्थ नामदेव (28) निजी काम करता है। उसका भाई सचिन नामदेव दवा बाजार में दुकान संचालित करता है। सिद्धार्थ उससे मिलने पहुंचा था। दोनों बातचीत कर रहे थे, तभी बिना नंबर की एसयूवी वहां आकर रुकी।
चारों ने सिद्धार्थ के साथ गाली-गलौज की
स्वराज सिंह सेंगर उर्फ अरविरल, आकाश छिछोलकर, ऋषभ पटेल और इमरान खान उतरे। चारों ने सिद्धार्थ के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे धमकाया। सचिन ने बीच-बचाव कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसकी बात अनसुनी कर सिद्धार्थ को जबरन एसयूवी में बैठा लिया और वहां से फरार हो गए।
सीसीटीवी से मिला भागने का सुराग
सिद्धार्थ के अपहरण की सूचना सचिन ने तत्काल ओमती पुलिस को दी। इसके बाद जिलेभर में पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और वाहनों की आवाजाही की मैपिंग की। जांच में पता चला कि आरोपित बिलहरी की ओर भागे हैं। एकता मार्केट के सीसीटीवी फुटेज में भी एसयूवी आगे की ओर जाती दिखाई दी।
मंडला पुलिस ने टिकरिया में रोका
जबलपुर पुलिस ने तत्काल मंडला पुलिस को सूचना देकर एसयूवी की जानकारी साझा की। इसके बाद टिकरिया थाना पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध एसयूवी वहां पहुंची, जिसे पुलिस टीम ने रोक लिया। वाहन में सवार चारों आरोपितों को पकड़कर उनके कब्जे से सिद्धार्थ को मुक्त कराया गया। कुछ ही देर में ओमती पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई।
रुपयों के लेनदेन का विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सिद्धार्थ और चारों आरोपितों के बीच रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते आरोपितों ने अपहरण कर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।












