श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल के नए बस स्टैंड के पास बिरयानी बनाते समय घरेलू एलपीजी सिलिंडर में आग लग गई। कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल के देर से पहुंचने पर लोगों ने नाराजगी जताई और खानपान की दुकानों में घरेलू सिलिंडर के इस्तेमाल की जांच की मांग की।
शहर के नए बस स्टैंड के समीप एक दुकान में बिरयानी बनाते समय घरेलू एलपीजी सिलिंडर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सिलिंडर से उठती आग की लपटें देखकर दुकानदार और आसपास मौजूद लोग घबरा गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दुकान में मौजूद लोग तत्काल बाहर निकल आए। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई, लेकिन स्थानीय लोगों का आरोप है कि दमकल वाहन मौके पर काफी देर से पहुंचा। इस दौरान सिलिंडर में आग जलती रही और आसपास के दुकानदारों में दहशत बनी रही। लोगों ने दमकल वाहन के पहुंचने में हुई देरी पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था का तत्काल उपलब्ध होना जरूरी है।
इस घटना ने शहर की होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और छोटी खानपान की दुकानों में घरेलू गैस सिलिंडर के इस्तेमाल को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में कमर्शियल सिलिंडर के स्थान पर घरेलू एलपीजी सिलिंडर का उपयोग किया जा रहा है। इससे न केवल नियमों की अनदेखी होती है, बल्कि आगजनी जैसी घटनाओं में बड़े हादसे का खतरा भी बना रहता है।











