SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » सि‍वनी में मास्टर माइंड इंजीनियर हामिद गिरफ्तार, नागपुर से आया था 48 गोवंश की कुर्बानी का आदेश

सि‍वनी में मास्टर माइंड इंजीनियर हामिद गिरफ्तार, नागपुर से आया था 48 गोवंश की कुर्बानी का आदेश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  सिवनी। बकरीद पर गोवंश की कुर्बानी देकर शहर व जिले में अराजकता उत्पन्न करने के बड़े षडयंत्र को विफल करने के बाद पुलिस के सामने जांच लगातार नये-नये तथ्य सामने आ रहे हैं। वहीं इस नेटवर्क को संचालित करने वाले गिरोह के मास्टर माइंड व अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी का क्रम लगातार जारी है।

चंदा इकट्ठा कर बकरीद पर गोवंश की कुर्बानी करने की योजना

एसपी कृष्ण लालचंदानी, एएसपी दीपक मिश्रा व एसडीओपी सचिन परते के निर्देशन में गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ कर गो-हत्या से जुड़े नेटवर्क की परतों को खंगाला जा रहा है। 28 मई को हड्डी गोदाम निवासी मौलाना मजीद खान द्वारा चंदा इकट्ठा कर बकरीद पर गोवंश की कुर्बानी करने की योजना बनाने की गोपनीय सूचना ने पुलिस के कान खड़े कर दिए थे। इसके बाद मौलाना सहित पांच आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर 17 मवेशियों को आरोपितों के कब्जे से मुक्त कराया था।

जांच में यह सनसनीखेज तथ्य सामने आया कि नागपुर गांधीबाग निवासी मोहम्मद हामिद उर्फ इंजीनियर हामिद पुत्र मोहम्मद हनीफ (69) इस पूरे षडयंत्र का मुख्य सूत्रधार है। उसी ने मौलाना मजीद को शहर व जिले का वातावरण बिगाड़ने के उद्देश्य से 48 गोवंश की कुर्बानी कराने के निर्देश दिए थे।

 इस सटीक सूचना पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम नागपुर में दबिश देकर आरोपित इंजीनियर हामिद को उसके निवास से गिरफ्तार कर सिवनी लेकर आई है। विवेचना में आरोपित के विरुद्ध आपराधिक तथ्य पाए गए।

मोबाइल, फोन-पे की हिस्ट्री व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच

प्रकरण में पुलिस दल ने सिवनी सूफीनगर गांधीवार्ड निवासी फरार आरोपित आसिफ पुत्र कासिम खान (32) को भी गिरफ्तार किया है। मोबाइल, फोन-पे की हिस्ट्री व अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आसिफ ने गोकशी के नाम पर मौलाना मजीद खान को 7,200 रुपये का चंदा दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों के मोबाइल व व्हाट्सएप डेटा को विवेचना में शामिल कर लिया है तथा न्यायालय में पेश कर दो दिनों की पुलिस रिमांड प्राप्त की है।

पुलिस का कड़ा संदेश, जारी रहेगी कार्रवाई

उल्लेखनीय है कि प्रकरण में पुलिस ने पूर्व में (29 मई) को आरोपित मजीद मौलाना हड्डीगोदाम, शेख आबिद जटलापुर, शाकिर अली जनता नगर, रफीक खान सिवनी व मुक्तिदर अहमद छपारा को गिरफ्तार कर चार दिनों की पुलिस रिमांड में लिया था।

षडयंत्र पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी

पूरी कार्रवाई में एसडीओपी सचिन परते, निरीक्षक सतीश तिवारी, निरीक्षक ओमेश्वर ठाकरे, एएसआइ कंधीलाल सैयाम, जसवंत ठाकुर, प्रधान आरक्षक मुकेश गोडाने, मनोज पाल, आरक्षक सिद्धार्थ दुबे, नितेश राजपूत, कृष्णा भालेकर, सतीश इनवाती, ममता गजभिये, सैनिक वकील सहित साइबर टीम का सहयोग रहा। पुलिस ने कड़ा संदेश देते हुए स्पष्ट किया है कि गोवंश तस्करी व धार्मिक भावनाएं भड़काने, अराजकता उत्पन्न करने के किसी भी षडयंत्र पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

न्यायालय में आज पेश होंगे सभी आरोपित

टीआई सतीश तिवारी ने बताया कि बकरीद में कुर्बानी के संगीन षडयंत्र रचने के मामले में पुलिस ने अब तक 7 आरोपित को गिरफ्तार किया है। नागपुर से गिरफ्तार इंजीनियर हामिद व सिवनी के आसिफ खान से दो दिनों की रिमांड में पूछताछ चल रही है, जिसमें कुर्बानी के षडयंत्र में शामिल कुछ और नाम सामने आने की संभावना है। दो साल पहले सामूहिक गो-हत्या के नेटवर्क भी नागपुर से संचालित होना पाया गया था, तब भी बड़ी संख्या में आराेपित को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार किया था।

हामिद इंजीनियर पर फिर पुलिस रिमांड लेगी पुलिस

इधर पुलिस रिमांड में पूछताछ के बाद नागपुर के इंजीनियर हामिद के अलावा आसिफ खान तथा शनिवार को गिरफ्तार किए गए मौलाना मजीद, शेख आबिद व मुक्तदीर अहमद को पुलिस 1 मई सोमवार को न्यायालय में पेश करेगी। आवश्यकता पड़ने पर हामिद इंजीनियर पर एक बार फिर पुलिस रिमांड मांग सकती है। प्रकरण के अन्य फरार आरोपितों की तलाश जारी है।

मोबाइल डाटा खंगाल रही पुलिस

पुलिस सूत्रों के अनुसार नागपुर के पीएचई में कार्यरत इंजीनियर हामिद वर्ष 2014 में सेवानिवृत्त हो गया था। आरोपित इंजीनियर के मोबाइल में कई फोटोग्राफ, व्हाट्सअप चैट सहित कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है, जिसका विश्लेषण किया जा रहा है। साथ ही उत्तरप्रदेश सहित देश के अन्य हिस्सों तक फैले संपर्क सूत्रों को खंगाला जा रहा है।

आरोपी इंजीनियर हामिद पूछताछ में पुलिस को भ्रमित करने का भी प्रयास कर रहा है। यह भी कहा जा रहा इंजीनियर हामिद कुर्बानी का सौदा करने संबंधितों को गोवंश की फोटो भेजता था। कई वर्षो से कुर्बानी के नाम पर सामूहिक गोहत्या करने की बात सामने आई है। चंदा देने व लेने वाले के अलावा गिरोह में संलिप्त अन्य आरोपितों का पुलिस पता लगा रही है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us