श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः कलेक्टर डा. केदार सिंह ने कलेक्टर कार्यालय के विराट सभागार में सीएम हेल्पलाइन एवं समय-सीमा के पत्रों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन में 100 दिवस या उससे अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि जिन विभागों में 100 दिन से ऊपर की शिकायतें लंबित हैं, संबंधित विभाग के अधिकारी इन शिकायतों की मॉनिटरिंग स्वयं करें और शिकायतों के निराकरण से संबंधित – जवाब एल-1 अधिकारियों के माध्यम से अनिवार्य रूप से दर्ज कराएं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेड न रहे और जो विभाग सी या डी श्रेणी में हैं वे सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में प्रगति लाकर ए श्रेणी में आने के लिए कार्य करें, वहीं लगातार सी एवं डी श्रेणी में आने वाले विभागों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
जिन विभागों में शिकायतों की संख्या कम है, वहां शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, अपर कलेक्टर मिनीषा पांडेय, एसडीएम अमृता गर्ग, डिप्टी कलेक्टर अन्तोनिआ एक्का सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







