श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः इंटरनेट मीडिया पर छह मिलियन यानी 60 लाख से अधिक फालोअर्स के साथ ट्रैफिक जागरूकता वीडियो से चर्चित ट्रैफिक हेड कांस्टेबल विवेकानंद तिवारी ने निलंबन कार्रवाई के बाद विभाग से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में इस्तीफा सौंपते हुए उन्होंने कहा कि अब वह विभागीय सेवा में वापस नहीं लौटेंगे और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से ही लोगों को यातायात प्रति जागरूक करते रहेंगे।
विभागीय जांच में सामने आया था कि विवेकानंद तिवारी लंबे समय से ड्यूटी से अनुपस्थित थे, जबकि उसी दौरान इंटरनेट मीडिया पर लगातार वीडियो और रील्स अपलोड कर रहे थे। पुलिस रेग्यूलेशन-64 के तहत इसे सेवा नियमों का उल्लंघन मानते हुए उन्हें निलंबित किया गया था। निलंबन के बाद विवेकानंद तिवारी ने फेसबुक पर मेडिकल रिपोर्ट, डाक्टर की पर्चियां और उपचार के दस्तावेज साझा कर सफाई थी।
उनका दावा है कि 19 मई 2026 को उन्होंने मोबाइल से यातायात थाने को तबीयत खराब होने की सूचना दी थी और मेडिकल पर्ची वरिष्ठ अधिकारियों वाले व्हाट्सएप ग्रुप में भी साझा की थी, इसके बावजूद उनकी उसी दिन जय स्तंभ चौक पर ड्यूटी लगा दी गई और बाद में गैरहाजिर दर्ज कर दिया गया।
इस्तीफे के बाद विवेकानंद तिवारी ने कहा कि निलंबन से उनकी छवि प्रभावित हुई है, इसलिए वे स्वेच्छा से सेवा छोड़ रहे हैं। अब वह इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय रहकर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर जागरूकता फैलाएंगे व हेलमेट वितरण अभियान अधिक व्यापक करेंगे।







