श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल। जिले के सीधी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चंदोरा में रविवार को खेत की खोदाई के दौरान जमीन से भगवान की चार प्राचीन पत्थर की प्रतिमाएं मिलने से क्षेत्र में कौतूहल और आस्था का माहौल बन गया।
साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना शुरू
प्रतिमाएं मिलने की खबर आग की तरह फैली और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। लोगों ने साफ-सफाई कर पूजा-अर्चना शुरू कर दी। गांव में भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान भी शुरू हो गए हैं।
एक माह पहले यह कृषि भूमि खरीदी थी
हरियाणा निवासी सुनील कुमार जाट ने लगभग एक माह पहले चंदोरा निवासी लक्ष्मीकांत शुक्ला से यह कृषि भूमि खरीदी थी। रविवार को कृषि कार्य के लिए ट्रैक्टर से खेत तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन के भीतर से पत्थर की चार प्रतिमाएं दिखाई दीं।

सामान्य पत्थर समझा, मिट्टी हटाने पर आकृतियां स्पष्ट हुईं
शुरुआत में मजदूरों ने इन्हें सामान्य पत्थर समझा, लेकिन मिट्टी हटाने पर आकृतियां स्पष्ट हुईं तो भगवान की प्रतिमाएं होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मजदूरों ने तत्काल खेत मालिक और ग्रामीणों को सूचना दी।
गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे
प्रतिमाओं के मिलने की खबर मिलते ही चंदोरा समेत आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे।महिलाओं ने भजन-कीर्तन शुरू कर दिए। लोगों का मानना है कि प्रतिमाएं काफी प्राचीन हैं और क्षेत्र के लिए शुभ संकेत हैं। फिलहाल प्रतिमाएं ग्रामीणों की निगरानी में खेत में ही सुरक्षित रखी गई हैं।
सीधी पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया
घटना की जानकारी मिलते ही सीधी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। सीधी थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह भगत ने बताया कि खेत की खोदाई में चार प्रतिमाएं मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने की अपील की।
विशेषज्ञों की जांच के बाद ही पता चलेगा ऐतिहासिक महत्व
थाना प्रभारी ने कहा कि प्रतिमाओं की प्राचीनता और ऐतिहासिक महत्व का पता लगाने के लिए पुरातत्व विभाग के अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही प्रतिमाओं की वास्तविक आयु और उनके ऐतिहासिक महत्व का पता चल पाएगा।
ग्रामीणों में प्रतिमाओं को लेकर भारी उत्साह
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी निगरानी बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासनिक और पुरातत्व विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। ग्रामीणों में प्रतिमाओं को लेकर भारी उत्साह है और लोग इसे दैवीय चमत्कार मान रहे हैं।







