श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया पुलिस लाइन में आर्मोरर शाखा प्रभारी विजय कुमार सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पारिवारिक तनाव की चर्चा है, लेकिन अधिकारी फिलहाल रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहे हैं।
जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब आर्मोरर शाखा में पदस्थ एक पुलिस कर्मचारी ने खुद की गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है।
प्रारंभिक स्तर पर सूत्रों के बीच यह चर्चा है कि विजय कुमार सिंह कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। विभागीय अधिकारी फिलहाल जांच पूरी होने तक किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रहे हैं।
सहकर्मियों के अनुसार विजय कुमार सिंह शांत स्वभाव और अनुशासित कार्यशैली के लिए जाने जाते थे। उनकी अचानक मौत की खबर से पुलिस लाइन में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने कभी सार्वजनिक रूप से किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। उनके उमरिया पहुंचने के बाद आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कोतवाली थाना प्रभारी मदन लाल मरावी ने बताया कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।







