सीमा सिंह शहडोल -: MP Weather Update: मध्य प्रदेश के बड़े हिस्से में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है। मानसून अभी दूर है, लेकिन मानसून पूर्व की गतिविधियां सक्रिय है। कहीं आसमान में बादलों का डेरा है, तो कहीं शाम के समय हल्की बारिश हो रही है। इस बीच, मौसम विभाग ने इंदौर और ग्वालियर में धूल भरी आंधी का अलर्ट जारी किया है।
ग्वालियर (MP Weather Update)। रोहिणी नक्षत्र के जिन नौ दिनों को भीषण गर्मी के लिए नौतपा (Nautapa) के नाम से पुकारा जाता है, वो इस साल मध्य प्रदेश में बिना तपे गुजर गए। इन नौ दिनों में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सका।
नौतपा में अधिकतम तापमान 29 मई को 41.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सामान्य तौर पर इन दिनों में पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचता है। सोमवार को नौतपा के आखिरी दिन आसमान में बादलों की मौजूदगी के कारण गर्मी से राहत रही और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण उमस से भी राहत रही।
ऐसे गुजरे नौतपा के 9 दिन
- नौतपा की शुरुआत गत 25 मई को हुई थी। इसी बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में मानसून सक्रिय होने और पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से आसमान में बादलों की मौजूदगी रही, तो वहीं पहले और दूसरे दिन तेज बारिश ने भी नौतपा को ठंडा कर दिया।
- अधिकतम तापमान भी 37 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच ही बना रहा, जिसके कारण एक दिन भी लू चलने जैसी स्थिति निर्मित नहीं हुई। नौतपा के अंतिम दिन भी सुबह के समय तेज धूप जरूर खिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल लिया।
- इसके चलते दिनभर धूप-छांव का खेल चलता रहा और तापमान में गिरावट दर्ज की गई। स्थानीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 1.9 डिग्री की गिरावट के साथ 38.7 डिग्री दर्ज किया गया।ग्वालियर में आंधी के साथ बारिश की संभावना
हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर चक्रवाती घेरा बना हुआ है। पूर्वी बिहार और आसपास के क्षेत्रों पर भी एक चक्रवाती घेरा मौजूद है। इनके प्रभाव से अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है। ऐसे में अगले 24 घंटे के दौरान शहर में तेज आंधी के साथ ही वर्षा की संभावना जताई गई है।
तापमान में घटबढ़ का दौर जारी
मौसम में आ रहे उतार चढ़ाव के बीच तापमान में भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। सोमवार को दिन का तापमान एक डिग्री बढ़कर फिर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री कम होकर 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। गत वर्ष आज के दिन अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।







