सीमा सिंह शहडोल – अमलाई थाना क्षेत्र के देवरी वार्ड-6 में शनिवार को एक घर से चोरों ने ढाई किलो चांदी और एक तोला सोना समेत 4 लाख रुपए उड़ा ले गए। घटना शुक्रवार शाम की है। बब्बी राव अपने पुत्र के साथ शाम 4:30 बजे घर में ताला लगाकर सब्जी खरीदने गई थीं।
वह 5:30 बजे घर लौटीं तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखा तो चारों कमरों के ताले टूटे थे। अलमारी खुली थी और सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने ढाई किलो चांदी के जेवर, एक तोला से अधिक सोना और 15 हजार रुपए नगद चुरा लिए।
पीड़िता ने तुरंत अमलाई थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। लेकिन शनिवार दोपहर तक, यानी 24 घंटे बाद भी पुलिस मौके का मुआयना करने नहीं पहुंची। इससे पीड़ित परिवार नाराज है।
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि वह छुट्टी पर हैं और उन्हें घटना की जानकारी नहीं है।







