श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- एमपी बोर्ड ने सत्र 2026-27 की 10वीं-12वीं की परीक्षाओं में 2 अंकों के अतिलघुउत्तरीय सवालों में भी आंतरिक विकल्प देने का फैसला किया है। 15 अक्टूबर के निर्देशों में संशोधन कर पिछले साल की व्यवस्था बहाल की गई है। इससे फरवरी में होने वाली बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 15 अक्टूबर 2026 को जारी विज्ञप्ति क्रमांक 465/विद्योचित/2026 में आंशिक संशोधन किया है। पहले जारी निर्देशों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक की परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों में आंतरिक विकल्प के नियम निर्धारित किए गए थे। अब मंडल ने स्पष्ट किया है कि सत्र 2026-27 में कक्षा 10वीं और 12वीं के प्रश्नपत्रों में 2 अंकों के अतिलघुउत्तरीय प्रश्नों में भी पिछले वर्ष की तरह आंतरिक विकल्प दिया जाएगा। इस फैसले का सीधा फायदा बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा। खासतौर पर उन छात्रों को राहत रहेगी, जिन्हें किसी विशेष अध्याय या विषय से जुड़े छोटे प्रश्नों के उत्तर देने में परेशानी होती है। विकल्प मिलने से वे अपनी तैयारी और जानकारी के अनुसार प्रश्न चुन सकेंगे।
मंडल ने वर्ष 2027 की मुख्य बोर्ड परीक्षाओं का कार्यक्रम पहले ही जारी कर दिया है। इसके मुताबिक कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 19 मार्च 2027 तक और कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से 18 मार्च 2027 तक आयोजित होंगी। दोनों कक्षाओं की परीक्षाएं सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित की गई हैं। परीक्षा कार्यक्रम नियमित और स्वाध्यायी विद्यार्थियों के लिए जारी किया गया है।
तैयारी के बीच बदले नियम, विद्यार्थियों को मिली राहत













