श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अमृत 2.0 योजना से पोनांग तालाब के पास बन रहे ग्रीन स्पेस पार्क का काम दो साल से ज्यादा समय में भी महज 17 प्रतिशत पूरा हुआ है। बार-बार नोटिस के बावजूद प्रगति नहीं होने पर CMO ने ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
शहर के सर्किट हाउस के समीप स्थित पोनांग तालाब में अमृत 2.0 योजना के तहत बन रहे ग्रीन स्पेस पार्क का निर्माण कार्य कछुआ चाल से चल रहा है। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी पार्क का निर्माण महज 17 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। निर्माण में लगातार हो रही देरी पर नगर पालिका सीएमओ आशा भंडारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए हैं।
बार-बार नोटिस के बाद भी नहीं बढ़ी रफ्तार
निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचीं सीएमओ ने मौके पर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान सामने आया कि ग्रीन स्पेस पार्क निर्माण के लिए ठेकेदार को 9 जुलाई 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। इसके बावजूद अब तक काम की भौतिक प्रगति केवल 17 प्रतिशत तक पहुंच सकी है। बताया गया कि निर्माण में तेजी लाने के लिए ठेकेदार को कई बार नोटिस भी जारी किए गए और पर्याप्त समय दिया गया लेकिन इसके बाद भी काम की गति में सुधार नहीं हुआ।
उपयंत्री को कार्रवाई का प्रस्ताव बनाने के निर्देश
निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर सीएमओ ने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विकास कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा कराना ठेकेदार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर पालिका के उपयंत्री शरद द्विवेदी को संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई का प्रस्ताव तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही देरी के कारणों की समीक्षा कर वैधानिक कार्रवाई करने को कहा।
अन्य निर्माण कार्यों की भी होगी निगरानी
सीएमओ ने नगर पालिका अधिकारियों को शहर में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और निर्धारित समय-सीमा का पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।













