श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जिले में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों की स्लॉट बुकिंग आज यानी 25 नवंबर से शुरू हो जाएगी। किसान अपनी सुविधा के अनुसार नजदीकी उपार्जन केंद्र, ऑनलाइन सेंटर या कियोस्क के माध्यम से स्लॉट बुक करा सकेंगे। जिले में धान खरीदी की प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होकर 20 जनवरी तक चलेगी। इसके लिए प्रशासन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। स्लॉट बुकिंग अनिवार्य किए जाने से खरीदी केंद्रों पर एक साथ किसानों की भीड़ जुटने और अव्यवस्था की स्थिति से बचने की उम्मीद है।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक इस खरीफ सीजन में जिले के 53 हजार 242.25 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की बोवनी हुई है। समर्थन मूल्य पर उपज बेचने के लिए जिले के 33 हजार 371 किसानों ने पंजीयन कराया है। प्रशासन ने सभी पंजीकृत किसानों का शत-प्रतिशत सत्यापन कार्य भी पूरा कर लिया है।
धान खरीदी की व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए इस वर्ष जिले में करीब 59 उपार्जन केंद्र बनाए जा रहे हैं। किसान 25 नवंबर से अपनी सुविधा के अनुसार खरीदी की तारीख और केंद्र का स्लॉट बुक कर सकेंगे। निर्धारित तारीख और केंद्र पर स्लॉट मिलने के बाद ही किसान धान लेकर पहुंच सकेंगे। किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपार्जन केंद्रों में आंशिक फेरबदल की व्यवस्था भी रखी गई है।
पिछले वर्ष मिलरों की लेटलतीफी और भुगतान संबंधी समस्याओं के कारण सरकारी ओपन कैंप से धान का उठाव नहीं हो पाया था। इससे भंडारण की समस्या सामने आई थी। इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए विभाग ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। नई फसल को सुरक्षित रखने के लिए ब्यौहारी, बुढ़ार और जयसिंहनगर तहसीलों में अस्थायी कैंप तैयार किए जाएंगे।खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी प्रभारी भागीरथी लहरे के अनुसार धान खरीदी से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। किसानों को खरीदी केंद्रों पर किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।













