श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः शासकीय सांदीपनि विद्यालय जयसिंहनगर की ग्यारहवीं की छात्रा आशी सोनी ने अपनी मेहनत, लगन और खेल प्रतिभा के दम पर राज्य की शालेय क्रिकेट टीम में जगह बनाई है। अंडर-19 राज्यस्तरीय शालेय क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के बाद उन्होंने ये उपलब्धि हासिल की।
बता दें कि आशी सोनी जयसिंहनगर में रहने वाले अनिल सोनी की बेटी हैं। बचपन से ही आशी में क्रिकेट के प्रति जुनून था। समय के साथ उनकी रुचि और खेल के प्रति समर्पण लगातार बढ़ता गया। पढ़ाई के साथ नियमित अभ्यास और निरंतर मेहनत ने उनकी प्रतिभा को निखारा।
इसी का परिणाम है कि उनका चयन मध्यप्रदेश की अंडर-19 शालेय क्रिकेट टीम के लिए हुआ है। अपने खेल के माध्यम से आशी ने यह साबित किया है कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर प्रयास से तमाम प्रतिस्पर्धाओं और चुनौतियों के बीच सफलता की कहानी लिखी जा सकती है। आशी ने अपने खेल को धार देने के लिए ब्वाइज के साथ भी क्रिकेट खेली और उनके बीच अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य राजीव कुमार तिवारी एवं मेंटर शिब्बू यादव ने आशी सोनी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। आशी के राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने से विद्यालय में उत्साह का माहौल है।
सांदीपनि के ही सौरभ का राज्यस्तर
के लिए चयनः जयसिंहनगर स्थित सांदीपनि विद्यालय के सौरभ सिंह का चयन भी राज्यस्तरीय टूर्नामेंट के लिए हुआ है। उन्होंने जनजातीय कार्य विभाग की पूर्व जोन की टीम से खेलते हुए ये उपलब्धि हासिल की। जयसिंहनगर के समीप स्थित ग्राम कुबरा में रहने वाले दिग्पाल सिंह के बेटे सौरभ का अत्यधिक रुझान बचपन से ही क्रिकेट के प्रति रहा। अपनी मेहनत के चलते ही वे राज्यस्तरीय अंडर-14 शालेय क्रिकेट में हिस्सेदारी करेंगे। सौरभ के स्वजन का कहना है कि उसने छह वर्ष की उम्र से ही क्रिकेट खेलना प्रारंभ कर दिया था।
बधाइयों का तांताः
आशी सोनी और सौरभ सिंह के चयन पर कलेक्टर पार्थ जायसवाल और जनजातीय कार्य विभाग के अधिकारियों सहित उनके स्वजन, खेल प्रेमियों और नगरवासियों ने बधाई दी है। ग्रामीण अंचल से आने वाली दोनों खेल प्रतिभाओं की सफलता पर लोगों ने हर्ष व्यक्त किया है।














