श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शिक्षा के मंदिर में विद्यार्थियों को सुविधाएं और बेहतर शिक्षा देने की जिम्मेदारी निभाने वाले संस्थानों में यदि निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली जाए और जमा रकम की रसीद भी न दी जाए, तो व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। डिंडौरी जिले के अमरपुर विकासखंड स्थित मॉडल स्कूल में छात्र-छात्राओं से निर्धारित नामांकन शुल्क से अधिक राशि वसूलने का मामला सामने आया है। विद्यार्थियों ने आरोप लगाया है कि शिक्षा मंडल द्वारा निर्धारित 500 रुपए शुल्क के स्थान पर स्कूल प्रबंधन ने प्रति छात्र 825 रुपए वसूले हैं।
विद्यार्थियों के मुताबिक नामांकन के नाम पर उनसे 825 रुपए जमा कराए गए, जबकि निर्धारित शुल्क 500 रुपए बताया गया था। इस तरह प्रत्येक विद्यार्थी से 325 रुपए अतिरिक्त वसूले जाने का आरोप है। मामले में सबसे गंभीर पहलू यह है कि विद्यार्थियों से राशि जमा कराने के बावजूद उन्हें भुगतान की रसीद नहीं दी गई। इससे शुल्क वसूली की प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आखिर विद्यार्थियों से ली गई अतिरिक्त राशि किस मद में जमा कराई गई और इसका हिसाब-किताब क्या है, यह स्पष्ट होना बाकी है।
प्रभारी प्राचार्य के जवाब से नहीं मिली स्पष्टता
मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग की भूमिका अहम होगी। यदि विद्यार्थियों के आरोप सही पाए जाते हैं, तो जिम्मेदारों के विरुद्ध जांच कर उचित कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता है। शिक्षा के नाम पर आर्थिक बोझ झेल रहे विद्यार्थियों को राहत और पारदर्शी व्यवस्था मिलना जरूरी है।













