श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- उमरिया। बिरसिंहपुर पाली में रेलवे लाइन के बगल से गुजरने वाली सड़क पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सड़क से गुजर रहा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी नाली में उतर गया।
गनीमत रही कि ट्रक पलटने से पहले ही रुक गया
ट्रक का एक हिस्सा नीचे धंसने से वह काफी तिरछा हो गया। स्थिति ऐसी बन गई कि ट्रक के पलटने का खतरा पैदा हो गया था। गनीमत रही कि ट्रक पलटने से पहले ही रुक गया और एक संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
हादसा रोकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर ट्रक नाली में उतरा, उसके ठीक बगल में रेलवे लाइन है। सड़क और रेलवे ट्रैक के बीच बनी दीवार भी ट्रक के संभावित पलटने की स्थिति में उसे रोकने के लिए पर्याप्त मजबूत नजर नहीं आती।
सीधे रेलवे लाइन पर जा गिर सकता
यदि ट्रक पूरी तरह पलट जाता तो वह सड़क किनारे की दीवार को तोड़ते हुए सीधे रेलवे लाइन पर जा गिर सकता था। ऐसी स्थिति में किसी ट्रेन के गुजरने के दौरान बड़ा रेल हादसा भी हो सकता था।
मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे लाइन के समीप स्थित इस सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
दीवार की मजबूती को लेकर भी सवाल
सड़क के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और दीवार की मजबूती को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने संबंधित विभाग से दुर्घटनाजनक स्थल का निरीक्षण कराकर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में कोई बड़ा हादसा न हो।













