श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सत्र 2026-27 के स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों की प्रथम सेमेस्टर परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी शुरू हो गई है।
कैलेंडर के अनुरूप परीक्षाएं कराएं
शासन के अकादमिक कैलेंडर के अनुरूप परीक्षाएं कराने के लिए कुलगुरु प्रो. राजेश कुमार वर्मा ने परीक्षा एवं गोपनीय विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा
बैठक में उत्तर पुस्तिकाओं की उपलब्धता, परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, प्रश्नपत्र तैयार करने और समय-सारिणी जारी करने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
दो नवंबर से परीक्षा आवेदन
विश्वविद्यालय ने सत्र 2026-27 में प्रवेशित बीए-बीएड, बीएससी-बीएड, बीएएलएलबी, एलएलबी, एलएलएम, बीबीए-एलएलबी और बीकॉम-एलएलबी प्रथम सेमेस्टर के नियमित, भूतपूर्व और एटीकेटी परीक्षार्थियों के लिए आवेदन कार्यक्रम जारी किया है।
आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भरे जाएंगे
एमए, एमएसडब्ल्यू, एमएससी और एमकॉम प्रथम सेमेस्टर के नियमित, एटीकेटी, भूतपूर्व एवं एनईपी परीक्षार्थी भी आवेदन कर सकेंगे। आवेदन एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भरे जाएंगे।
विलंब शुल्क के साथ आवेदन की सुविधा
- 2 से 11 नवंबर: सामान्य परीक्षा शुल्क के साथ आवेदन।
- 16 नवंबर तक: 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन।
- 20 नवंबर तक: 750 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन।
- विशेष विलंब शुल्क: परीक्षा शुरू होने से सात दिन पहले से परीक्षा तिथि के एक दिन पूर्व तक 2000 रुपये शुल्क के साथ आवेदन।
विश्वविद्यालय में करीब एक दशक बाद प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं दिसंबर में आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए पूरे प्रशासनिक अमले ने समन्वित प्रयास किए हैं। यह पहल शासन के अकादमिक कैलेंडर का पालन करने और परीक्षा व्यवस्था को समयबद्ध बनाने की दिशा में प्रभावी कदम साबित होगी।
प्रो. राजेश कुमार वर्मा, कुलगुरु, रादुवि














