श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः शहर के नए बस स्टैंड पर देर रात नाबालिग बालिकाओं के संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल 112 और कोतवाली पुलिस पहुंची। पुलिस ने सभी बालिकाओं को संरक्षण में लेकर पूछताछ किया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि सभी बालिकाएं डिंडौरी जिले की रहने वाली हैं और नौकरी के लिए शहडोल आई थीं। बताया गया कि जिस बस से वे शहडोल पहुंचीं, वह निर्धारित समय से काफी देर से आई। रात अधिक होने व आगे जाने की व्यवस्था नहीं मिलने के कारण सभी नए बस स्टैंड परिसर में ही रुक गई थीं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक दीवान ने बताया कि डायल-112 को सूचना मिली थी कि नए बस स्टैंड के पास कुछ नाबालिग बालिकाएं हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ किया। सूचना देने वाले व्यक्ति ने स्वयं को अधिवक्ता बताया। उसने पुलिस को जानकारी दी कि बालिकाओं में से एक बालिका और एक युवक उसके परिचित हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने सभी बालिकाओं से अलग-अलग पूछताछ की तथा उनके दस्तावेज और पहचान का सत्यापन किया। पूछताछ में पता चला कि सभी एक निजी कंपनी में कार्य करने के उद्देश्य से शहडोल आई थीं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों से भी संपर्क किया। सत्यापन के बाद सभी बालिकाओं को सुरक्षितं उनके स्वजन तक पहुंचा दिया गया। एएसपी ने बताया कि बालिकाओं में कुछ नाबालिग थीं, लेकिन जांच में किसी भी प्रकार की आपराधिक या संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।







