श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रतलाम। थाना स्टेशन रोड पुलिस व साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में छह वर्ष से फरार चल रहे 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोपित को महाराष्ट्र के नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित निवेश पर राशि दोगुनी करने का झांसा देकर लोगों से रकम ऐंठता था।
पुलिस ने मुंबई के थाना रबाले नवी ठाणे निवासी 47 वर्षीय रूपेश पुत्र रामभाऊ गंधारे को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला जेल भेज दिया गया।
कंपनी में निवेश करने पर राशि दोगुनी करने का लालच दिया
पुलिस के अनुसार फरियादी लोकेन्द्रसिंह पंवार निवासी टीआइटी रोड ने थाने पर शिकायत दर्ज कराई थी कि रूपेश गंधारे बी प्राइम कंपनी के नाम से ब्यूटी प्रोडक्ट निर्माण व विक्रय का व्यवसाय संचालित करता था। आरोपित रूपेश ने कंपनी में निवेश करने पर राशि दोगुनी होने का लालच देकर विभिन्न प्रलोभन दिए और करीब 11 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी रखी गई
एएसपी विवेक कुमार के मार्गदर्शन में थाना स्टेशन रोड पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर रूपेश की तलाश की जा रही थी। तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने रूपेश की लोकेशन ट्रेस की। लगातार निगरानी और पतारसी के बाद टीम ने 12 मई को रूपेश गंधारे को ठाणे-नवी मुंबई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में एसआइ मुकेश सस्तिया, प्रधान आरक्षक देवीसिंह चौहान, आरक्षक विनोद माली तथा साइबर सेल के विपुल भावसार व राहुल पाटीदार की भूमिका रही।







