मृतक सुरेंद्र सोनी (26) का शव सड़क किनारे मिला जबकि लल्ली बाई गोंड (45) की लाश घर के अंदर खून से लथपथ मिली है। दोनों पड़ोसी थे। मामला नगर पालिका बिजुरी के वार्ड क्रमांक सात का है। थाना प्रभारी विकास सिंह ने कहा कि वारदात को गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात अंजाम दिया गया है। हमला टांगी या कुल्हाड़ी से किया गया। सुरेंद्र के सिर पर धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं। पीठ और पैर पर भी घाव हैं।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह सुरेंद्र की बहन नेहा सोनी ने भाई का शव देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी। हालांकि, हत्या करने वाला शख्स अभी अज्ञात है। मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। लल्ली बाई विधवा थी। बेटा ड्राइवर है, जो दो दिन पहले ट्रक लेकर बाहर चला गया। दो दिन पहले मायके गई बहू, सास के मर्डर की सूचना मिलते ही लौट आई है।
‘सुरेंद्र रात में कहीं से शराब पीकर घर लौटा था’
मृतक सुरेंद्र सोनी के नाना जगदीश सोनी ने कहा- सुरेंद्र रात में कहीं से शराब पीकर घर लौटा था। उसकी पत्नी खाना बना रही थी। कुछ ही देर में सुरेंद्र घर से बाहर निकल गया। थोड़ी देर बाद मार डालो-मार डालो’ की आवाजें सुनाई दीं। जगदीश ने आशंका जताई कि लल्ली बाई के घर पर कुछ लोग मौजूद थे। सुरेंद्र के पहुंचने पर उन्होंने उस पर हमला कर दिया होगा। सुरेंद्र सोनी की बहन नेहा सोनी बोली- जब तक पुलिस के बड़े अधिकारी यहां नहीं आएंगे, मैं भाई की बॉडी को ले जाने नहीं दूंगी।







