श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कटनी। पड़ोसी जिले पन्ना में शाहनगर के कचौरी गांव में सोमवार की देर शाम तेज हवा और बारिश से गिरी दीवार की चपेट में एक महिला आ गई। गंभीर हालत में महिला को शाहनगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे रात को जिला अस्पताल कटनी रेफर किया गया था। सुबह महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम किया है। जानकारी के अनुसार शाहनगर थाना अंतर्गत कचोरी गांव निवासी माया बाई राठौर पति प्रेम सिंह राठौर 42 साल सोमवार की शाम को गांव की पुट्ठा फैक्ट्री से घर लौट रही थी। रास्ते में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई और बचने के लिए वह गांव के अन्य लोगों के साथ एक दीवार के सहारे खड़ी हो गई।
अचानक से दीवार का हिस्सा भर भराकर गिरा, जिसकी चपेट में आने से महिला को गंभीर चोट आई। घायल महिला को मलबे से निकालते हुए ग्रामीण और स्वजनों ने शाहनगर अस्पताल भिजवाया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल कटनी रेफर कर दिया गया। महिला की मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लिया है और उसका पीएम कराया जा रहा है।









