श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कोतवाली थाना क्षेत्र के शाहपुर-मालाचुआ मार्ग पर सुबह मजदूरों से भरा मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में जा घुसा। हादसे में वाहन में सवार दस ग्रामीणों को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच अन्य को मामूली चोट आने पर उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
अभी बीते दिनों यातायात विभाग के द्वारा कुछ लोगों को फ्री में हेलमेट बांटे गए थे और उन्हें जागरूक किया गया था कि बाइक चलाते समय हेलमेट लगाकर ही बाइक चलाएं। जगह-जगह लोगों को जागरूक करने के लिए भी यातायात पुलिस काम करती है, लेकिन वह केवल कागजों में ही सीमित है, क्योंकि सड़कों पर बाइक चलाने वाले अधिकतर बिना हेलमेट के बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। जिले में लगातार सड़क हादसों में लोगों की मौत हो रही है। यातायात टीआई को निलंबित करने की मांग युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अनुपम गौतम ने बीते दिनों उठाई थी। उन्होंने कहा था कि शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल है। जगह-जगह जाम लगता है। यातायात की लापरवाही की वजह से आरक्षक महेश पाठक की जान गई थी। उसके बाद अनुपम गौतम ने यातायात टीआई संजय जायसवाल को निलंबित करने की मांग की थी।









