SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » नए साल के दूसरे दिन शहडोल कोहरे से घिरा:विजिबिलिटी 30 मीटर से कम; हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चले वाहन चालक

नए साल के दूसरे दिन शहडोल कोहरे से घिरा:विजिबिलिटी 30 मीटर से कम; हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर चले वाहन चालक

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-      नए साल के दूसरे दिन शुक्रवार सुबह शहडोल जिले में घना कोहरा छा गया। तड़के से ही शहर और ग्रामीण इलाकों में कोहरे के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर विजिबिलिटी बेहद कम रही, जिससे आवाजाही में बाधा आई।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, जिले में विजिबिलिटी 30 मीटर से भी कम दर्ज की गई। घने कोहरे के कारण ठंड में भी वृद्धि महसूस की गई। लोग आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकले, जिससे सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।

कोहरे का सर्वाधिक असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। शहर की सड़कों के साथ-साथ राष्ट्रीय और राज्य राजमार्गों पर भी वाहनों की गति धीमी हो गई। वाहन चालक हेडलाइट और फॉग लाइट जलाकर अत्यंत धीमी गति से चलते दिखे। कई स्थानों पर चालकों ने जोखिम से बचने के लिए वाहन रोक दिए और कोहरा छंटने का इंतजार किया।

कोहरे के कारण बसों को बस स्टैंड पर ही रोका

शहडोल से रीवा, मनेंद्रगढ़ और कटनी की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गई। कई यात्री बसों को बस स्टैंड पर ही रोक दिया गया। चालकों ने बताया कि घने कोहरे में आगे कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था, जिससे वाहन चलाना खतरनाक हो सकता था। हालांकि, कोहरे के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की सूचना नहीं मिली।

सुबह के समय बाजारों में भी चहल-पहल कम रही और दुकानों के खुलने का समय प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी सुबह के समय घना कोहरा बने रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने वाहन चालकों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us