श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर-अंबिकापुर रेलखंड पर चलती ट्रेन से गिरकर 83 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उनका शव कोतमा से पहले धुरवासिन रेलवे होल्ट के पास मिला। मृतका की पहचान रायपुर निवासी सुभद्रा बाई बड़े के रूप में हुई है। वह जीवित होने का प्रमाण पत्र जमा करने अपने स्वजनों के साथ अंबिकापुर जा रही थीं।
जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान अचानक सुभद्रा बाई ट्रेन से लापता हो गईं। स्वजनों ने पहले सोचा कि वह शौचालय गई होंगी या किसी दूसरी बोगी में चली गई होंगी। काफी तलाश करने के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो बिजुरी स्टेशन के पास स्वजनों ने आरपीएफ जवान को इसकी सूचना दी।
आरपीएफ ने तत्काल दूसरे स्टेशनों पर सूचना भेजकर उनकी तलाश शुरू कराई। इस बीच ट्रेन आगे निकल जाने के कारण स्वजन बैकुंठपुर पहुंच गए। वहां से वे वापस अनूपपुर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दोपहर में हरद स्टेशन पर तैनात आरपीएफ जवान ने उन्हें एक वृद्ध महिला का शव मिलने और उसकी पहचान संबंधी जानकारी दी।
सूचना मिलने पर स्वजन दूसरी ट्रेन से कोतमा स्टेशन पहुंचे और वहां से आटो के जरिए धुरवासिन रेलवे होल्ट पहुंचे। मौके पर शव देखकर उन्होंने अपनी बुआ सुभद्रा बाई बड़े के रूप में पहचान की। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी अनूपपुर शाखा प्रभारी पीएस कुलस्ते पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे।













