श्रेया न्यूज़ सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल ज़िले में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी एक बार फिर सामने आई है। ब्यौहारी जनपद के पपौंध क्षेत्र में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा के दौरान अस्पताल ले जाने के लिए उसके परिवार को नाव का सहारा लेना पड़ा, क्योंकि पुल अधूरा है और एम्बुलेंस चालक ने कीचड़ का बहाना कर आने से मना कर दिया।
एम्बुलेंस ने बीच रास्ते में छोड़ा
ग्राम बरा बघेलहा की रहने वाली सीमा केवट को जब प्रसव पीड़ा हुई तो उनके परिजनों ने पहले उन्हें नाव से उफनती सोन नदी पार कराई। नदी पार करने के बाद उन्होंने 108 एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन एम्बुलेंस चालक ने कीचड़ भरे रास्ते का हवाला देते हुए आने से इनकार कर दिया। चालक ने एम्बुलेंस को एक किलोमीटर दूर ही रोक दिया।
इसके बाद परिवार को एक निजी वाहन किराए पर लेकर सीमा को अस्पताल पहुंचाना पड़ा। सीमा की रिश्तेदार शशि केवट ने बताया कि सोन नदी पर पुल का निर्माण चल रहा है, लेकिन अधूरा होने के कारण लोग नाव से ही नदी पार करते हैं। इस घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खोल दी है, जहां लोग आज भी अपनी जान जोखिम में डालकर ज़रूरी सेवाओं तक पहुंचने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
देखिए तस्वीरें











