शहडोल (सीमा सिंह) Indore Newlywed Couple Missing: इंदौर के एक नवविवाहित जोड़े राजा रघुवंशी और सोनम का हनीमून मनाने शिलांग गए थे, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चला है। उनके दो बैग एक होटल के पास मिले हैं। परिवार ने अपहरण की आशंका जताई है और सूचना देने वाले को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है।
इंदौर (Indore News)। इंदौर से हनीमून मनाने शिलांग (मेघालय) गए ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम का पांचवें दिन भी पता नहीं चला। उनके दो बैग एक होटल के समीप मिले हैं। स्वजन ने अपहरण की आशंका जताई है। उन्होंने सूचना देने वाले को पांच लाख रुपये देने की घोषणा की है। स्कूटर किराये पर देने वाला युवक शक के घेरे में है।
साकार नगर (कैट रोड) निवासी 30 वर्षीय राजा पत्नी सोनम के साथ 20 मई को हनीमून मनाने गए थे। ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा की 11 मई को ही कुशवाह नगर (बाणगंगा) निवासी सोनम से शादी हुई थी। भाई सचिन के अनुसार 23 मई की दोपहर 1:30 बजे राजा से आखिरी बार मां उमा रघुवंशी से बात हुई थी। इसके बाद उनके तीनों फोन बंद हो गए।
राजा और सोनम के भाई पहुंचे शिलांग
राजा ईस्ट ओशरा हिल्स क्षेत्र में रुके थे। उन्होंने घूमने के लिए स्कूटर किराये पर लिया था। स्कूटर देने वाले ने बताया कि उसने जीपीएस से लोकेशन निकालकर लावारिस अवस्था में स्कूटर ढूंढ लिया। राजा के भाई विपिन और सोनम के भाई गोविंद उनकी तलाश करने शिलांग पहुंच गए। उन्होंने दोनों की गुमशुदगी भी दर्ज करवा दी है।
उनके पास काफी रुपये भी थे
क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश कुमार त्रिपाठी भी पुलिस के संपर्क में हैं। विपिन के अनुसार उन्हें अपहरण का शक है। राजा और सोनम ने सोने की चेन, मंगलसूत्र, अंगूठियां पहनी थीं। उनके पास काफी रुपये भी थे। जिस जगह घूमने गए, वह हिल स्टेशन है। गहरी खाइयां और घना जंगल भी है।
स्कूटर मालिक पर शक गहरा रहा है
विपिन और गोविंद स्वयं के खर्च पर स्थानीय लोगों को लेकर दोनों को ढूंढने में लगे हैं। विपिन के अनुसार राजा और सोनम के तीनों मोबाइल डेढ़ बजे बंद हुए थे, जबकि स्कूटर उसके 20 किमी दूर मिला। इससे भी स्कूटर मालिक पर शक गहरा रहा है।
जिस जगह बैग मिले, वहां एक होटल है। होटल संचालक ने कहा कि दंपती ने साढ़े पांच बजे चेकआउट कर दिया था। नवदंपती इतनी जल्दी कैसे होटल से जा सकते हैं। उनके पास एंट्री भी नहीं मिली। सीसीटीवी कैमरे भी नहीं हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मेघालय के मुख्यमंत्री से की चर्चा
दंपती के लापता होने की खबर से इंटेलिजेंस भी सकते में है। मंगलवार को मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मेघालय के मुख्यमंत्री संगमा से बात की। डॉ. यादव ने एक्स पर लिखा कि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री संगमा ने आश्वासन दिया है। पुलिस प्रशासन गंभीरता से लगा हुआ है। मध्य प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी भी मेघालय प्रशासन के संपर्क में हैं।







