सीमा सिंह शहडोल -: शहडोल पुलिस ने किसानों से ट्रैक्टर धोखाधड़ी के मामले में मुख्य आरोपी बहादुर गरासिया को नीमच से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चार बिना नंबर के ट्रैक्टर भी बरामद किए हैं।
मामला 11 फरवरी 2023 को सामने आया। ग्राम मसियारी निवासी राहुल साहू ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुंडखेड़ा, नीमच निवासी बहादुर गरासिया ने उनका ट्रैक्टर किराए पर लिया और वापस नहीं किया।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी ने अपने साथी पप्पू चंदेल के साथ मिलकर शहडोल और उमरिया के कुल सात किसानों से ट्रैक्टर किराए पर लिए। इसके बाद ट्रैक्टर वापस नहीं किए।
जयसिंह नगर थाना प्रभारी एसपी चतुर्वेदी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दो विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने 48 वर्षीय बहादुर गरासिया को नीमच से गिरफ्तार किया। सतना और नीमच से चार ट्रैक्टर बरामद किए गए हैं।
पीड़ित राहुल साहू ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ट्रैक्टर किराए पर देने से धोखाधड़ी का शिकार होंगे। स्थानीय किसान पुलिस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि इस मामले में और भी आरोपी हो सकते हैं।







