सीमा सिंह शहडोल -: Rajgarh News: राजगढ़ में एक नाबालिग लड़की की सगाई में भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर के शामिल होने का मामला सामने आया है। गुर्जर ने लड़की को लिफाफा देकर आशीर्वाद दिया, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गुर्जर ने कहा कि समाज में बच्चों के बड़े होने पर सगाई संबंध में दिक्कत आती है, इसलिए यह सगाई की गई है, विवाह नहीं।
- राजगढ़ जिले के खिलचीपुर ब्लाक में हुई नाबालिगों की सगाई।
- ज्ञानसिंह गुर्जर बोले- सगाई और शादी में फर्क होता है।
- सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होते ही नेता पर उठे सवाल।
- राजगढ़ जिले के खिलचीपुर ब्लाक में नाबालिग बच्चों की सगाई का मामला सामने आया है। इस बाल सगाई में शामिल होने के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने बालिका को लिफाफा देकर आशीर्वाद दिया।
गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष का बालिका को सगाई के दौरान आशीर्वाद व लिफाफा देते फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। गुर्जर खिलचीपुर ब्लाक के एक गांव में एक सगाई के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे।
वह वर पक्ष की ओर से आयोजन में शामिल होने गए, जहां सगाई के तहत बालिका को उपहार या नकद राशि दी जाती हैं। करीब 11-12 वर्ष की बालिका की सगाई की गई। ऐसे में गुर्जर ने शामिल होकर आशीर्वाद दिया व रस्म के मुताबिक लिफाफा दिया।

जिलाध्यक्ष बोले- सगाई की है, शादी नहीं
पूरे मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने सफाई देते हुए कहा कि हमारे समाज में बच्चों के बड़े होने पर सगाई संबंध में दिक्कत आती है, इसलिए यह सगाई की है, विवाह नहीं किया।
सगाई और विवाह में अंतर है। विवाह तो उनके बालिग होने पर ही किया जाएगा। मेरी सगाई भी जब मैं कक्षा 3 में था, तब हो गई थी, लेकिन शादी बालिग होने पर की।







