श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने के साथ विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर जिले में आठ जुलाई से 17 जुलाई तक विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान शुरू किया गया है। यातायात प्रभारी संजय जायसवाल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्कूल बसों की तकनीकी स्थिति, सुरक्षा मानकों, दस्तावेजों और चालक परिचालकों की पात्रता की व्यापक जांच कर बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है।
यातायात प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान दो दिन में चार स्कूल बसों का चालान काटा गया साथ ही सात स्कूल वैन जब्त की गईं। इनका संचालन नियम के विरुद्ध हो रहा था। अभियान के दौरान प्रत्येक स्कूल बस का फिटनेस प्रमाण. पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण. पत्र, फर्स्ट एड बाक्स, अग्निशामक यंत्र, स्पीड गवर्नर, आपातकालीन निकास द्वार सहित सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की जाएगी। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी सुरक्षा उपकरण कार्यशील स्थिति में हों।
यातायात प्रभारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत स्कूल बस चालकों के भारी वाहन चलाने के लिए कम से कम पांच वर्ष पुराने वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन तथा आवश्यकतानुसार ब्रेथ एनालाइजर से शराब सेवन की जांच भी की जाएगी। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालक के विरुद्ध तत्काले एफआइआर दर्ज कर की जाएगी।
इसके अलावा बसों में ओवरलोडिंग, निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने, तेज गति से वाहन संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। स्कूल परिसरों एवं प्रमुख मार्गों पर बसों की गति सीमा 40 किमी प्रति घंटा से अधिक नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।







