SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » बस ने कॉन्स्टेबल को कुचला, घटना CCTV में रिकॉर्ड:शहडोल में ड्यूटी पर तैनात थे; परिजन ने जताई हत्या की आशंका

बस ने कॉन्स्टेबल को कुचला, घटना CCTV में रिकॉर्ड:शहडोल में ड्यूटी पर तैनात थे; परिजन ने जताई हत्या की आशंका

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

  श्रेया न्यूज़ शहडोल सीमा सिंह :-      शहडोल बस स्टैंड पर तैनात एक कॉन्स्टेबल को बस ने कुचल दिया। घटना 7 दिसंबर की है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। परिजन ने घटना वाले दिन हत्या की आशंका जताई थी।

वीडियो में दिख रहा है कि कॉन्स्टेबल महेश पाठक (47) ड्यूटी कर रहे हैं। दोपहर करीब 2 बजे दादू एंड संस की तेज रफ्तार बस उनको कुचलते हुए निकल गई। घटना उस स्थान पर हुई, जहां पुलिस विभाग का भी सीसीटीवी लगा है, लेकिन यह पिछले कई महीनों से बंद है। यह क्षेत्र अत्यधिक भीड़भाड़ वाला माना जाता है। जांच के दौरान एक दुकान पर लगे सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।

एक बस को साइड में लगवा रहे थे, तभी कुचला कॉन्स्टेबल महेश पाठक कोतवाली में पदस्थ थे। रविवार को उनकी ड्यूटी बस स्टैंड पर लगी थी। दोपहर में वे पक्षीराज ट्रैवल्स की बस को साइड में लगवा रहे थे, तभी ब्यौहारी से शहडोल की ओर आ रही दादू एंड संस कंपनी की बस नंबर MP18 P 0455 ने महेश को सामने से टक्कर मार दी।

कॉन्स्टेबल रीवा में सिरमौर तहसील के सथनी गांव के रहने वाले थे। 2013 में पुलिस में भर्ती हुए थे। परिवार में पत्नी, 25 और 20 साल के दो बच्चे हैं। घटना वाले दिन परिवार ने हत्या की आशंका जताई थी।

बस संचालक पर कार्रवाई नहीं होने का आरोप

स्थानीय लोगों और बस स्टैंड के कर्मचारियों ने दादू एंड संस की बसों पर लंबे समय से मनमानी करने का आरोप लगाया है। यातायात विभाग, परिवहन विभाग और अन्य ट्रांसपोर्ट ऑपरेटरों ने भी इन बसों के खिलाफ शिकायतें की हैं।

ब्यौहारी बस स्टैंड से लेकर आधे शहर तक दादू एंड संस और दीपक ट्रैवल्स की बसों का अवैध कब्जा देखा जाता है। नेशनल हाईवे पर ब्यौहारी थाना के ठीक बगल में बस संचालकों ने वर्षों से सड़क के एक हिस्से को अघोषित यार्ड बना रखा है। इस पर भी पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जाती।

पुलिस ने किया था हादसे का रिक्रिएशन

पुलिस ने बस के ड्राइवर कपिल सिंह के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा सांसद हिमाद्री सिंह ने सीएम को पत्र लिखकर शहीद का दर्जा देने की मांग की है। साथ ही, परिवार के सदस्य को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी की है।

सीएसपी राघवेंद्र द्विवेदी और यातायात प्रभारी संजय जायसवाल ने पक्षीराज ट्रैवल्स की बस में बैठकर हादसे का रिक्रिएशन करवाया। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी है कि यह सिर्फ हादसा है या फिर जानबूझकर रौंदकर की गई हत्या।

एक दिन पहले जब्त हुई है भाई की बस

पुलिस के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले शनिवार रात यातायात विभाग ने दादू एंड सन्स के संचालक पुष्पेंद्र मिश्रा के भाई मृगेंद्र मिश्रा की दीपक ट्रेवल्स की बस नंबर MP18 P 1255 को शहडोल बायपास से जब्त किया था। यह बस स्कूल परमिट पर थी।

दोनों भाई ब्यौहारी में रहकर अलग-अलग कंपनियों के नाम से बसों का संचालन करते हैं। दादू एंड सन्स की इलाके में करीब 40 गाड़ियां चलती हैं।
सीसीटीवी चालू करने और व्यवस्था सुधारने की मांग आरक्षक की मौत के बाद भी बस स्टैंड की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। बसें अभी भी मनमाने तरीके से स्टैंड के अंदर खड़ी रहती हैं, जिससे अव्यवस्था और सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। स्थानीय नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि जब पुलिस अपने ही जवान की मौत के बाद सख्त कदम नहीं उठा रही, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?

इस हादसे के बाद नागरिकों में गहरा गुस्सा है। वे बस संचालकों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई, बंद पड़े सीसीटीवी कैमरों को चालू करने और बस स्टैंड की अव्यवस्था को दूर करने की मांग कर रहे हैं।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us