SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » अनूपपुर सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला समेत तीन की मौत, एक ने मौके पर तो दो ने अस्पताल में दम तोड़ा

अनूपपुर सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला समेत तीन की मौत, एक ने मौके पर तो दो ने अस्पताल में दम तोड़ा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  अनूपपुर जिले के नेशनल हाईवे 43 पर फुनगा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम पंचायत पाली के समीप मुख्य मार्ग पर गुरुवार 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए। राहगीरों के अनुसार, किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुल से नीचे जा गिरी।

अस्पताल में उपचार के दौरान दो युवकों ने तोड़ा दम

मोटरसाइकिल में सवार तीनों की पहचान आर्यन केवट (21 वर्ष), पिता रामस्वरूप केवट, पंकज केवट (22 वर्ष), पिता राजेश केवट तथा देववती केवट (56 वर्ष), पति बद्री केवट, निवासी बकेली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे में महिला देववती केवट की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, पंकज केवट ने फुनगा अस्पताल पहुंचने के बाद दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल आर्यन केवट को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुनगा में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उसकी भी मौत हो गई। घटना के बाद एक ही परिवार से संबंधित तीन सदस्यों की मौत हो जाने से परिवारजन मातम में डूबे हुए हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों एवं राहगीरों के अनुसार, घटना के समय स्थानीय लोगों ने हादसा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने अथवा अज्ञात वाहन की टक्कर से दुर्घटना होने की आशंका जताई जा रही है। फुनगा चौकी प्रभारी सोने सिंह परस्ते ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी अज्ञात वाहन की भूमिका है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us