श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- डिंडौरी शहपुरा। जिले के जनपद पंचायत शहपुरा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मरवारी के पोषक ग्राम पड़रिया खुर्द में संबल योजना से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है।
आवेदन दिनांक 23 अगस्त 2022 दर्ज
बताया गया है कि सामिया बाई झारिया के दस्तावेजों में पति का नाम राजेंद्र कुमार झारिया और आवेदन दिनांक 23 अगस्त 2022 दर्ज है। संबल योजना के तहत स्वीकृत राशि दो लाख बताई गई है।
पेंशन और राशन जारी
मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि जिस महिला को रिकॉर्ड में मृत दर्शाए जाने की बात सामने आ रही है, उसे वर्तमान में कल्याणी पेंशन योजना का लाभ मिलने के साथ राशन भी प्राप्त हो रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि एक ही सरकारी व्यवस्था में महिला को कहीं मृत और कहीं जीवित कैसे दर्ज किया गया।
यह पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में आती है
यदि महिला के जीवित होने के बावजूद किसी रिकॉर्ड में उसे मृत दर्शाकर संबल योजना की राशि स्वीकृत एवं भुगतान की गई है, तो यह पूरी प्रक्रिया जांच के दायरे में आती है।
सत्यापन किस अधिकारी या कर्मचारी ने किया
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि सामिया बाई झारिया को मृत घोषित करने की जानकारी किस स्तर से दर्ज की गई और संबल योजना की राशि जारी करने से पहले संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किस अधिकारी या कर्मचारी ने किया।
राशि किस खाते में और कौन सी प्रक्रिया के तहत पहुंची
इसकी भी जांच की जानी चाहिए कि दो लाख की राशि किस खाते में और किस प्रक्रिया के तहत पहुंची। यदि रिकॉर्ड में अनियमितता पाई जाती है तो इसकी जिम्मेदारी तय करना भी जरूरी होगा। मामला सामने आने के बाद अब लोगों की नजर जिला प्रशासन की कार्रवाई पर है।











