SUBSCRIBE NOW

Home » जिला समाचार » उमरिया में स्कूल जा रही दो छात्राएं सड़क हादसे में घायल, प्राथमिक इलाज के बाद कटनी रेफर

उमरिया में स्कूल जा रही दो छात्राएं सड़क हादसे में घायल, प्राथमिक इलाज के बाद कटनी रेफर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  उमरिया। स्कूल जाने के दौरान दो छात्राएं सड़क हादसे का शिकार हो गईं। हादसा चंदिया थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया के पास हुआ, जहां कथित तौर पर मोड़ पर सामने आए ट्रैक्टर से छात्राओं के दोपहिया वाहन की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में दोनों छात्राओं को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मोड़ पर सामने आया ट्रैक्टर, दोपहिया वाहन से हुई भिड़ंत

जानकारी के अनुसार ग्राम सलैया निवासी कक्षा 11वीं की छात्राएं आरती यादव और मीना यादव चंदिया स्थित स्कूल में अध्ययनरत हैं। सोमवार को दोनों छात्राएं स्कूल जाने के लिए निकली थीं। बताया जा रहा है कि परिजन दोनों को दोपहिया वाहन से हाईवे तक छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक मोड़ पर अचानक ट्रैक्टर सामने आ गया। दोपहिया वाहन चालक के संभलने से पहले ही उसकी ट्रैक्टर से टक्कर हो गई।

प्राथमिक उपचार के बाद कटनी रेफर, पुलिस कर रही जांच

टक्कर इतनी जोरदार बताई जा रही है कि दोनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं और उनके पैर सहित शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायल छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल उमरिया पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। छात्राओं की चोटों की गंभीरता को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए कटनी रेफर कर दिया गया।

हादसे की सूचना मिलने के बाद छात्राओं के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज आवाजाही और मोड़ों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

Join Us