श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय दमकी टोला में सोमवार को एक शराबी युवक ने जमकर हंगामा किया। युवक बच्चों की कक्षा में घुस गया और फर्श पर लेटकर अपना सिर पटकने लगा, जिससे कक्षा में मौजूद बच्चे सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे हुई जब युवक शराब के नशे में स्कूल पहुंचा। उसने बच्चों के सामने गाने गाए और शिक्षक की कुर्सी को इधर-उधर घसीटा। वह बार-बार ‘मैं तेरे प्यार में पागल हूं’ जैसे गीत गा रहा था।
ग्रामीण भी खिड़कियों से झांकने लगे
स्कूल में हंगामे की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल के बाहर जमा हो गए। वे खिड़कियों से अंदर चल रहे घटनाक्रम को देखते रहे, लेकिन किसी ने भी युवक को बाहर निकालने का प्रयास नहीं किया।
स्थिति बिगड़ती देख शिक्षक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और युवक को कक्षा से बाहर निकाला।
शिक्षक ने बनाया वीडियो
शिक्षक ने इस पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो मंगलवार को सामने आया है। इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।









