श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः शासकीय इंदिरा गांधी गृह विज्ञान कन्या महाविद्यालय शहडोल के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वृहद स्तर पर जागरूकता रैली, व्याख्यान एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डा सुनील कुमार सक्सेना ने की। उन्होंने अपने संबोधन में छात्राओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति व्यापक जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
डा कुमुद साड्या के द्वारा अभियान के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए अभियान के उद्देश्य एवं महत्व के बारे में छात्राओं को जागरूक किया साथ ही परिवार एवं समाज को नशा मुक्ति करने हेतु शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना की स्वयं सेविकाएं उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता करते हुए जन. जन का यह संदेश, नशा मुक्त हो भारत देश सहित विभिन्न जागरूकता नारों के माध्यम से जनसमुदाय, परिवार एवं छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत कराया। साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम का संचालन रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डा यमुना धुर्वे ने किया। कार्यक्रम में प्राध्यापक वीणा मेश्राम, सुनीता सिंह मरकाम, महजबीन अंसारी, कल्याणी रावत, शबाना बेगम, पूजा गुप्ता एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।







