श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- भिंड। जिले के सुरपुरा क्षेत्र में सामूहिक दुष्कर्म के बाद 19 वर्षीय पीड़िता सात घंटे तक जिला अस्पताल में मेडिकल कराने के लिए परेशान हुई। कलेक्टर और सिविल सर्जन के हस्तक्षेप के बाद उसका मेडिकल संभव हो सका। इस लापरवाही के लिए डॉ. रश्मि गुप्ता को नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने बताया कि वह नावली निवासी सुमित यादव को दो-तीन वर्षों से जानती है। दोनों अहमदाबाद के एक पार्लर में काम करते थे। बुधवार दोपहर, वह सुरपुरा स्थित हनुमान मंदिर के पास ऑटो का इंतजार कर रही थी।
जान से मारने की दी धमकी
इसी दौरान सुमित अपने साथी के साथ कार से पहुंचा। उसे नावली छोड़ने का झांसा देकर कार में बैठा लिया। अटेर किले के पास ले जाकर दोनों ने दुष्कर्म किया। विरोध करने पर हत्या की धमकी दी।







