श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- कटनी। शहर के भीड़ भरे क्षेत्रों में भी बदमाश चाकूबाजी जैसी घटनाओं को खुलेआम अंजाम दे रहे हैं। बुधवार की रात थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बरही रोड सिटी मॉल के पास चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर धारदार चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक को डायल-112 की मदद से तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार युवक कुलदीप टीपा लगभग 10 बजे सिटी मॉल के पास मौजूद था, तभी अचानक दो-तीन अज्ञात युवकों ने किसी बात पर उसके साथ विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने धारदार चाकू से उसके कमर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी है
सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंची। चिकित्सकों द्वारा घायल युवक का इलाज किया जा रहा है। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद थाना कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश कर रही है। शहर के प्रमुख क्षेत्र में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।







