SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » तहसीलदार से छुड़ाया जब्त ट्रैक्टर, फिर वनकर्मी को पीटा; जयसिंहनगर में कुछ घंटों में दो वारदात

तहसीलदार से छुड़ाया जब्त ट्रैक्टर, फिर वनकर्मी को पीटा; जयसिंहनगर में कुछ घंटों में दो वारदात

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  शहडोल के जयसिंहनगर में तीन आरोपियों ने पहले तहसीलदार के कब्जे से रेत से भरा जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर फरार कर दिया। कुछ घंटे बाद उन्हीं आरोपियों ने बस स्टैंड पर वनकर्मी से मारपीट की। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
 जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते हौसलों का मामला सामने आया है। तीन आरोपियों ने पहले रेत से भरे जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को तहसीलदार के कब्जे से छुड़ाकर फरार कर दिया। इसके कुछ घंटे बाद यही आरोपी बस स्टैंड पर एक वनकर्मी से गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आए। पुलिस ने दोनों मामलों में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेत से भरा ट्रैक्टर छुड़ाकर फरार
पुलिस के अनुसार नायब तहसीलदार शिवकुमार सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि अवैध रेत खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर वे एक कर्मचारी के साथ मौके पर पहुंचे थे। जांच के दौरान रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान चालक ने अपने साथियों को सूचना दी। कुछ ही देर में हर्ष कचेर, हेमंत चतुर्वेदी और एक अन्य मौके पर पहुंचे तथा विवाद करते हुए जब्त ट्रैक्टर-ट्रॉली को तहसीलदार के कब्जे से छुड़ाकर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

बस स्टैंड पर वनकर्मी से मारपीट

पहली घटना के कुछ घंटे बाद यही आरोपी जयसिंहनगर बस स्टैंड पहुंचे, जहां ड्यूटी से लौटे वन विभाग के कर्मचारी विजय कुमार गुप्ता बैठे थे। आरोप है कि तीनों ने उनसे विवाद शुरू किया, गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। वनकर्मी की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में भी तीनों आरोपियों के खिलाफ अलग से अपराध दर्ज किया है। थाना प्रभारी अजय कुमार बैगा ने बताया कि दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हत्या का मामला अब भी अनसुलझा

गौरतलब है कि जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में हाल ही में एक बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या का मामला भी सामने आया था। उस मामले में अब तक आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us