SUBSCRIBE NOW

Home » अपराध » जबलपुर में निकाह से पहले दूल्हे के घर पथराव और तोड़फोड़, दुल्हन के पुराने दोस्त ने की यह हरकत

जबलपुर में निकाह से पहले दूल्हे के घर पथराव और तोड़फोड़, दुल्हन के पुराने दोस्त ने की यह हरकत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :-  जबलपुर। निकाह से पहले गोराबाजार क्षेत्र में दूल्हे के घर पर बदमाशों द्वारा पथराव, तोड़फोड़ और उपद्रव करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि पहले दूल्हे के साथ मारपीट की गई, इसके बाद बड़ी संख्या में बदमाश घर पहुंच गए और महिलाओं-बच्चों के साथ अभद्रता करते हुए जमकर उत्पात मचाया।

गोराबाजार थाने में शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को दूल्हा और दुल्हन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। डीएसपी आकांक्षा उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

पहले मारपीट, फिर घर पर किया हमला

गोराबाजार निवासी युवक ने बताया कि आने वाले दिनों में उसका निकाह होना है और घर में तैयारियां चल रही थीं। रविवार रात उसके पास एक फोन आया, जिसके बाद कुछ युवक उसके पास पहुंचे और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद कई बदमाश उसके घर पहुंच गए और पथराव करते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी।

परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई तथा महिलाओं और बच्चों से अभद्रता की गई। आरोप है कि बदमाशों ने घर में आग लगाने का भी प्रयास किया और शादी करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

दुल्हन का आरोप, पूर्व परिचित दे रहा था धमकी

पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची युवती ने बताया कि उसका विवाह दोनों परिवारों की सहमति से तय हुआ है। उसका आरोप है कि आदित्य नामक युवक इस विवाह का विरोध कर रहा है। युवती के अनुसार, पहले उसकी आदित्य से दोस्ती थी, लेकिन उसके व्यवहार से परेशान होकर उसने उससे दूरी बना ली थी।

इसके बाद भी वह लगातार परेशान करता रहा। युवती का आरोप है कि विवाह तय होने की जानकारी मिलने के बाद से वह लगातार धमकियां दे रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मामलों में गोराबाजार थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

Shreya News
Author: Shreya News

Leave a Comment

READ MORE

READ MORE

Join Us