श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- डिण्डौरी। फांसी लगाकर जान देने वालेछात्र का अंतिम संस्कार होते ही नाबालिग छात्रा ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली अंतर्गत ग्राम आमगांव में 24 घंटे के भीतर दो नाबालिगों की मौत से गांव में मातम का माहौल है। मृतक छात्र कक्षा नौवीं तो छात्रा कक्षा दसवीं में अध्ययनरत थी।
पुलिस ने बताया कि दोनों शासकीय चांदपुर हाई स्कूल में पढते थे। एक माेहल्ले में ही रहने वाले दोनों नाबालिग मृतक पारिवारिक रिश्ते में भाई बहन बताए जा रहे हैं। पुलिस इस मामले की सभी एंगल से जांच कर रही है।
इस मामले में कई तरह के आरोप प्रत्यारोप के दौर जारी हैं। बताया गया कि रविवार की सुबह घर के पास खेत में खेम सिंह उईके के 15 वर्षीय बेटे सतेंद्र उईके का शव पेड में लटका मिला था।
पाेस्ट मार्टम के बाद इसी दिन गांव में शव का अंतिम संस्कार किया गया। परिजन अंतिम संस्कार करके लौटे ही थे कि कक्षा दसवीं की 16 वर्षीय छात्रा जयंती बाई पट्टा का भी शव फांसी पर लटका मिल गया।
लगातार हुई इन दो मौतों के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और परिजन गहरे सदमे में हैं।
तीन दिन से दस्तावेजी काम के लिए जा रहा था किशोर
- परिजनाें के बताए अनुसार मृतक किशोर कक्षा 9वीं का छात्र था। परिजनों ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से किसी दस्तावेज संबंधी काम के लिए अमरपुर जा रहा था।
- 11 जुलाई की रात उसने घर पर खाना नहीं खाया था। अगली सुबह जब मां उसे जगाने कमरे में गईं तो वह नहीं मिला।
- तलाश करने में किशोर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही डायल 100 और सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल डिंडौरी भेजा। शाम को ग्रामीणों की मौजूदगी में किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अंतिम संस्कार से लौटते ही हुई दूसरी मौत
- पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक किशोर का अंतिम संस्कार होते ही किशोरी ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
- परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने किशोरी के शव को भी पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।
- कोतवाली पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
- 24 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से आमगांव में मातम पसरा हुआ है।
- ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटना गांव में पहले कभी नहीं हुई।
- दोनों बच्चों की मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव के लोग स्तब्ध हैं।
- कोतवाली प्रभारी ने मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली है। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है
- प्रारंभिक जांच में दोनों मौतें फांसी लगने से होने की बात सामने आई है। इसकी विवेचना की जा रही है। परिजनों के बताए अनुसार दोनों मृतक दूर से पारिवारिक तौर पर रिश्ते में भाई बहन लगते थे। मामले की सभी एंगल से जांच की जा रही है।







