श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- नरसिंहपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र ग्राम बसेंड़ी निवासी एक युवक ने पत्नी से हुए घरेलू विवाद के बाद ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात करीब 8:30 बजे स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घाटपिंडरई के पास रेलवे ट्रैक पर हुई।
ये थी झगड़े की वजह
- ग्राम बसेंड़ी निवासी लखनलाल धानक पिता नारायण धानक 32 वर्ष मंगलवार शाम करीब 4 बजे एक नई बाइक खरीदकर घर लौटा था। इस नई बाइक को खरीदने के लिए उसने ससुराल से दहेज में मिली पुरानी बाइक को एजेंसी में एक्सचेंज कर दिया था। घर में नई बाइक देखकर पत्नी विनीता खुश होने के बजाय भड़क गई।
- वो पति से बोली कि उसने दहेज में मिली पुरानी बाइक क्यों बेची। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। पत्नी से हुए इस विवाद से क्षुब्ध होकर लखनलाल गुस्से में नई बाइक लेकर घर से निकल गया।
- उसके बाद वह सीधे घाटपिंडरई रेलवे ट्रैक के पास पहुंचा। वहां उसने अपनी बाइक को ट्रैक के किनारे खड़ा किया। फिर ट्रैक से गुजर रही महानगरी एक्सप्रेस (22178) के सामने कूद गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान
सूचना मिलते ही स्टेशनगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लिया। शुरुआत में मृतक की पहचान न होने से पुलिस ने सोशल मीडिया पर फोटो साझा कर पहचान के प्रयास किए। बसेंड़ी सरपंच सुदीश पटेल ने हुलिए के आधार पर मृतक की पहचान लखनलाल के रूप में की। परिजनों को सूचना दी।
पुलिस ने जांच शुरू की
बुधवार सुबह परिजनों की मौजूदगी में जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







