श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- रीवा। जिले में करीब 40 लाख रुपये से ज्यादा की कथित ठगी का मामला सामने आया है। गाजियाबाद की रहने वाली एक महिला ने आरोप लगाया है कि रीवा के एक व्यक्ति ने केंद्र के बड़े बड़े नेताओं को अपना रिश्तेदार और पीएचई विभाग में पहचान बताकर सरकारी योजना का ठेका दिलाने के नाम पर, झांसा देकर उससे लाखों रुपये ले लिए।
अब पीड़िता ने पुलिस से कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग को लेकर गाजियाबाद से रीवा पहुंची है। और पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर कार्यवाही की मांग की है।
बड़े नेताओं को अपना रिश्तेदार बताया
गाजियाबाद की रहने वाली माया त्यागी ने आरोप लगाया है कि रीवा निवासी अभयराज सिंह ने खुद को प्रभावशाली व्यक्ति बताते हुए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सहित अन्य बड़े नेताओं को अपना रिश्तेदार और पीएचई कार्यालय के अधिकारियों और जल निगम में पहचान होने का दावा किया। आरोपित ने कहा कि मंत्रालय की एक योजना के तहत पार्टनरशिप में ठेके दिलवाए जाएंगे, जिसके लिए निवेश करना होगा।
पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि वर्ष 2020 में आरोपित उसके घर पहुंचा और अपने छोटे भाई के इलाज का हवाला देकर उनका विश्वास जीत लिया। इसके बाद उसने ठेके दिलाने के नाम पर पहले 15 लाख रुपये लिए। रकम की व्यवस्था के लिए पीड़िता के प्लॉट तक गिरवी रखवाए गए।
आरोपित ने अलग-अलग किश्तों में और पैसे लिए
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में आरोपित ने अलग-अलग किश्तों में और पैसे लिए, जिनमें 2 लाख 80 हजार रुपये का चेक भी शामिल था। पीड़िता का आरोप है कि इस तरह आरोपित ने कुल 37 लाख 80 हजार रुपये ले लिए। जब काफी समय तक कोई काम नहीं हुआ और पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा।
काम नहीं होने पर पूरी रकम वापस करने का दिया था भरोसा
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपित ने भरोसा दिलाया था कि यदि काम नहीं हुआ तो पूरी रकम वापस कर दी जाएगी। पीड़ित महिला का कहना है कि इसी डिप्रेशन के चलते उनके पति का निधन हो गया। पीड़िता गाजियाबाद से रीवा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और और आवेदन देकर अपना पैसा दिखाए जाने की मांग की है।







