श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- शहडोलः ग्राम पंचायत सेमरिहा के कन्हाबहरा गांव में शासकीय भूमि पर अनाधिकृत कब्जा कर स्कूल जाने का रास्ता बंद कर दिए जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने तहसीलदार को आवेदन देकर तत्काल रास्ता खुलवाने की मांग की है। ग्राम पंचायत के उप सरपंच द्वारा 10 जुलाई को दिए गए आवेदन में बताया गया कि एनएच-43 से बैगन टोला गांव तक जाने वाला यही एकमात्र कच्चा निस्तार मार्ग है।
कुछ लोगों ने इस शासकीय भूमि पर कब्जा कर ट्रैक्टर और बैल से जुताई करके पूरे रास्ते को बंद कर दिया है। इस रास्ते से गांव के बच्चों का स्कूल आना-जाना होता था। बीमार होने पर मरीजों को अस्पताल ले जाने और शासकीय कर्मचारियों के आवागमन के लिए भी यही मार्ग उपयोग में लाया जाता था।
रास्ता बंद होने के कारण अब ग्रामीणों को भारी दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने का प्रशासन से मांग की है कि अनाधिकृत कब्जा हटाकर मार्ग को पुनः खोला जाए, ताकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीणों का आवागमन सुचारू हो सके। इस मामले की सूचना कमिश्नर शहडोल, कलेक्टर एसडीएम को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने कहा है कि जल्द उनकी समस्या का समाधान हो।







