श्रेया न्यूज़ शहडोल नीलू राठौर :- अनूपपुर। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। मंगलवार रात करीब 9 बजे जैतहरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोई के पडमनिया टोला में धनगवां बीट के जंगल से आए एक अकेले नर हाथी ने 70 वर्षीय भोला प्रसाद राठौर के घर के पास रखे धान के कुठला को तोड़कर धान खाया। इसके बाद हाथी ने घर के लकड़ी के गेट और ईंट-मुरूम की दीवार को धक्का मारकर गिरा दिया।
सूचना मिलने पर वन विभाग की गश्ती टीम पहुंची
उसी समय भोला प्रसाद राठौर बाथरूम जाने के लिए घर से बाहर निकल रहे थे। दीवार गिरने से वे मलबे में दब गए और उनके हाथ, पैर तथा कमर में चोटें आईं। सूचना मिलने पर वन विभाग की गश्ती टीम उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतहरी लेकर पहुंची।
चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है
ड्यूटी पर मौजूद डाक्टर सुयांशु दास ने प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है, लेकिन बेहतर उपचार एवं जांच के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया जाएगा।
गांव के विभिन्न टोला-मोहल्लों में लगातार घूम रहा है
वन विभाग के अनुसार अकेला हाथी चोई गांव के विभिन्न टोला-मोहल्लों में लगातार घूम रहा है। वह कई मकानों की दीवारें तोड़ने के साथ खेतों में लगी कटहल एवं अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
तीन हाथियों का दल कई मकानों में तोड़फोड़ कर चुका है
तीन हाथियों का एक अन्य दल सोमवार और मंगलवार की रात अनूपपुर वन परिक्षेत्र के पोंडी, मानपुर और बरबसपुर गांवों में पहुंचकर कई मकानों में तोड़फोड़ कर चुका है। हाथियों ने खेतों और बाड़ियों में लगी सब्जियों व अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचाया।
निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह
मंगलवार रात यह दल पोंडी के सांधा क्षेत्र से राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर बरबसपुर गांव पहुंचा, जहां देर रात तक ग्रामीण क्षेत्रों में विचरण करता रहा। वन विभाग लगातार निगरानी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।







